कन्नौज: भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा का ‘सबसे ऊँचे सरदार’ अभियान 28 से 31 अक्टूबर तक

 प्रदेश के सभी 98 संगठनात्मक जिलों में होंगे भव्य कार्यक्रम

बृजेश चतुर्वेदी 

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो) ।  आज कन्नौज भाजपा जिला अध्यक्ष  वीर सिंह भदौरिया के साथ भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा वर्ग मोर्चा कन्नौज के जिला अध्यक्ष मिथलेश बॉथम  द्वारा प्रेस वार्ता में बताया गया कि भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा मोर्चा उत्तर प्रदेश द्वारा लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर 28 से 31 अक्टूबर 2026 तक प्रदेशव्यापी ‘सबसे ऊँचे सरदार’ अभियान के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। प्रदेश के सभी 98 संगठनात्मक जिलों में होने वाले इन कार्यक्रमों के माध्यम से सरदार पटेल जी के राष्ट्र निर्माण में योगदान, राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं देश की रियासतों के एकीकरण में उनकी ऐतिहासिक भूमिका को जन-जन तक पहुँचाया जाएगा।

इस अभियान की तैयारियों को लेकर प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद प्रकाश पाल की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रदेश पदाधिकारियों, क्षेत्रीय अध्यक्षों, जिला अध्यक्षों एवं अभियान से जुड़े संयोजकों और सह-संयोजकों ने सहभागिता की। बैठक में आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा, संगठनात्मक तैयारियों एवं अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में सरदार वल्लभभाई पटेल के ऐतिहासिक योगदान को स्मरण करते हुए उनके राष्ट्रवादी विचारों, दृढ़ इच्छाशक्ति और देश की एकता एवं अखंडता के प्रति समर्पण को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुँचाने पर जोर दिया गया। सरदार पटेल जी ने देश की रियासतों का एकीकरण कर आधुनिक भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका जीवन राष्ट्रसेवा, साहस, नेतृत्व और राष्ट्रीय एकता की प्रेरणा देता है।

प्रेस नोट के अनुसार, अभियान के अंतर्गत सरदार पटेल के योगदान, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता, ऐतिहासिक घटनाओं और राष्ट्र निर्माण में उनके महत्त्वपूर्ण निर्णयों पर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही संगठन के विस्तार, आगामी संगठनात्मक गतिविधियों और पार्टी की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने पर भी बल दिया गया।

बैठक में वर्ष 1946 में कांग्रेस अध्यक्ष पद के चयन के प्रसंग पर भी चर्चा हुई। इस विषय को लेकर वक्ताओं ने तत्कालीन राजनीतिक घटनाक्रम और सरदार पटेल जी की भूमिका का उल्लेख किया।

भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा का उद्देश्य ‘सबसे ऊँचे सरदार’ अभियान के माध्यम से सरदार वल्लभभाई पटेल जी के विचारों एवं ऐतिहासिक योगदान को नई पीढ़ी तक पहुँचाना तथा समाज में राष्ट्रभक्ति, सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता की भावना को और मजबूत करना है।

भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा वर्ग मोर्चा ने सभी जिला एवं मंडल पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से अभियान के कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता की अपील की है, ताकि सरदार पटेल जी के राष्ट्र निर्माण के संदेश को जन-जन तक पहुँचाया जा सके।

इस अवसर पर शैलेन्द्र दुबे, श्यामू राजपूत, जिला मीडिया प्रभारी अभिषेक पाण्डेय समेत सम्मानित पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।