श्रीरामनगरिया मेला 22 जनवरी से शुरू: यूपी के पर्यटन स्थलों की दिखेगी झलक

फर्रुखाबाद। (आवाज न्यूज ब्यूरो) । पांचाल घाट पर 22 जनवरी से 20 फरवरी 2027 तक आयोजित होने वाले श्रीरामनगरिया मेला एवं विकास प्रदर्शनी की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने गुरुवार को मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्थायी घाटों के निर्माण, श्रद्धालुओं के ठहरने, साफ-सफाई, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को समय से पूरा कराने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि श्रीरामनगरिया मेला जनपद की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं का महत्वपूर्ण आयोजन है। मेले में बड़ी संख्या में साधु-संतों, कल्पवासियों और श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सभी आवश्यक सुविधाएं पहले से सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने आश्रमों के आसपास बनाए जाने वाले अस्थायी स्नान घाटों का जायजा लेते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा, आवागमन और स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने को कहा। जिलाधिकारी ने बताया कि मेले को पहले से अधिक आकर्षक और व्यवस्थित बनाने के लिए स्थानीय साधु-संतों से सुझाव लिए जा रहे हैं। उनकी आवश्यकताओं और परंपराओं को ध्यान में रखकर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जाएगा। इस बार संस्कृति एवं पर्यटन विभाग के सहयोग से मेले में ‘उत्तर प्रदेश दर्शन’ की अवधारणा पर प्रदेश के प्रमुख धार्मिक, ऐतिहासिक और पर्यटन स्थलों की झलक दिखाने की योजना है।इसके अलावा श्रद्धालुओं को एक ही स्थान पर विभिन्न प्रकार के खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए फूड कोर्ट विकसित किया जाएगा। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय से सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि मेले के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण मिल सके। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी न्यायिक दिनेश कुमार, खंड विकास अधिकारी बढ़पुर योगेश पाण्डेय सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।