लखनऊ।(आवाज न्यूज ब्यूरो) । केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को ऐलान किया है कि राज्य में 2027 में तीसरी बार सत्ता में आने के बाद यूनिफॉर्म सिविल कोड यानी यूसीसी लागू करेंगे। इसके साथ ही अमित शाह ने कहा- समाजवादी पार्टी 30 साल तक राज्य की सत्ता से बाहर रहेगी। यूपी बीजेपी कार्यकारिणी की बैठक को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा- इस बार जब बीजेपी सत्ता में आएगी, यूपी में यूसीसी लागू किया जाएगा। कई राज्यों में यूसीसी पहले ही लागू हो चुका है।
अखिलेश यादव पर साधा निशाना
शाह ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा- अखिलेश बाबू, मेरे शब्द लिख लो. आपकी पार्टी अगले 30 साल तक यूपी में सरकार नहीं बना पाएगी। लोग आपकी तीसरी पीढ़ी तक को माफ नहीं करेंगे। अमित शाह का यूसीसी पर ये ऐलान ऐसे वक्त पर आया, जब बीजेपी के नेता पूरे देश में एक समान यूसीसी लागू करने की मांग कर रहे हैं। हाल ही में असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने पूरे देश में यूसीसी लागू करने की मांग की, उन्होंने कहा, इसके न होने से मुस्लिम महिलाएं सबसे अधिक प्रभावित हैं। उन्होंने कहा कि बहुविवाह जैसे मुद्दों के समाधान के लिए एक समान कानून जरूरी है। असम में यूसीसी को मंजूरी मिल चुकी है। इसके लिए 8 सदस्यों की कमेटी भी बनाई गई है। सीएम सरमा का ये बयान सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जस्टिस संजय करोल की टिप्पणियों के बाद आया। जस्टिस करोल ने गुरुवार को यूसीसी को समय की आवश्यकता बताया और कहा कि कानून को एक समान बनाने के लिए यूसीसी लागू होना चाहिए।
अमित शाह का बड़ा ऐलान : यूपी में तीसरी बार सत्ता में आई भाजपा, तो लागू करेंगे यूसीसी
