फर्रुखाबाद।(आवाज न्यूज ब्यूरो) । प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए शुक्रवार को जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने गुरुकुल वर्ल्ड स्कूल और क्रिश्चियन इंटर कॉलेज पहुंचकर परीक्षा कक्षों, अभ्यर्थियों की उपस्थिति, प्रवेश व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। गुरुकुल वर्ल्ड स्कूल में 384 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 262 उपस्थित और 122 अनुपस्थित मिले। वहीं क्रिश्चियन इंटर कॉलेज में 264 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 120 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। डीएम ने केंद्र व्यवस्थापकों को आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन कराने तथा परीक्षा की शुचिता और गोपनीयता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रवेश और निकास व्यवस्था सुव्यवस्थित रखी जाए और नकल अथवा किसी भी प्रकार की अनियमितता रोकने के लिए सतर्क निगरानी की जाए।एसपी ने पुलिस अधिकारियों को पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात रखने, परीक्षा केंद्रों के आसपास कानून व्यवस्था बनाए रखने और यातायात सुचारु रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा संचालन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान सेक्टर मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
पीईटी परीक्षा-2026: डीएम-एसपी ने केंद्रों का किया औचक निरीक्षण, परखीं व्यवस्थाएं
