लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151 वीं जयंती पर अधिकारियों-कर्मचारियों ने ली एकता की शपथ

‘‘सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण कर दी गई श्रद्धांजलि’’
फर्रुखाबाद।(आवाज न्यूज ब्यूरो) ।
लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151 वीं जयंती पर शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों और कर्मचारियों ने सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर एडीएम अरुण कुमार सिंह ने कहा कि स्वतंत्रता के बाद देशी रियासतों का एकीकरण कर सरदार पटेल ने अखंड भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके दृढ़ संकल्प, साहस और दूरदर्शी नेतृत्व ने देश की एकता एवं अखंडता को मजबूती प्रदान की। उनके आदर्श आज भी राष्ट्रहित और सामाजिक समरसता के लिए प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस का उद्देश्य देश की एकता, अखंडता और आंतरिक सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करना है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने के साथ आपसी भाईचारे एवं सद्भाव को बढ़ावा देने की सामूहिक शपथ ली। इस दौरान नगर मजिस्ट्रेट पारुल तरार सहित कलेक्ट्रेट के विभिन्न अनुभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।