प्रभारी मंत्री ने विकास कार्यों व कानून व्यवस्था की समीक्षा

फर्रुखाबाद।(आवाज न्यूज ब्यूरो) । प्रभारी मंत्री एवं पर्यटन व संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों से समन्वय बनाकर जनसमस्याओं का प्राथमिकता से निस्तारण कराने के निर्देश दिए। साथ ही खाद की कालाबाजारी, ओवररेटिंग और अवैध भंडारण करने वाले विक्रेताओं पर कार्रवाई की चेतावनी दी।बैठक में मंत्री ने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का लाभ केवल पात्रों को देने और फैमिली आईडी बनाने के कार्य में तेजी लाने को कहा। उन्होंने सहकारी समितियों पर खाद का पर्याप्त भंडारण रखने तथा किसानों को समय से उर्वरक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। खाद वितरण में अनियमितता मिलने पर संबंधित विक्रेताओं के साथ जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की बात कही।लोक निर्माण विभाग को सड़कों के निर्माण और मरम्मत में गुणवत्ता बनाए रखने तथा दीपावली पर निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। मंत्री ने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए और विकास कार्य समयबद्ध व पारदर्शी तरीके से पूरे किए जाएं।इस दौरान प्रभारी मंत्री और जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को चेक, स्वीकृति पत्र, कृषि यंत्र, मिनी किट, नियुक्ति पत्र और आवास की चाबियां वितरित कीं। पांच दिव्यांगों को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, उद्यान विभाग के पांच लाभार्थियों को चेक व 10 को स्वीकृति पत्र तथा कृषि विभाग के दो लाभार्थियों को कृषि यंत्र और पांच को मिनी किट दी गईं। राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना के पांच लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, तीन सफाई कर्मियों को नियुक्ति पत्र, दो परिवारों को आवास की चाबियां और मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के पांच लाभार्थियों को आर्थिक सहायता के चेक दिए गए। स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को रिवॉल्विंग फंड के चेक भी वितरित किए गए। बैठक में जिला पंचायत प्रशासक मोनिका यादव, सदर विधायक सुनील दत्त द्विवेदी, अमृतपुर विधायक सुशील कुमार शाक्य, भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह राठौर, भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद्र वर्मा, जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर, पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, सीडीओ विनोद कुमार गौड़ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।