बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो) । जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में आज सदर तहसील कन्नौज के सभागार में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 92 शिकायतें एवं प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 06 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों को संबंधित अधिकारियों के सुपुर्द करते हुए उनके शीघ्र, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनशिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि प्रत्येक शिकायत का स्थलीय परीक्षण एवं अभिलेखों की जांच करते हुए शिकायतकर्ता को संतुष्ट करने वाला न्यायसंगत समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में अनावश्यक विलंब, लापरवाही अथवा शिकायतकर्ता को बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगवाने की प्रवृत्ति बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने राजस्व, भूमि विवाद, कब्जे, सार्वजनिक सुविधाओं एवं अन्य विभागीय मामलों से संबंधित शिकायतों पर विशेष संवेदनशीलता के साथ कार्य करने तथा जहां आवश्यक हो, संबंधित विभागों के अधिकारियों को संयुक्त रूप से मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान कराने के निर्देश दिए। साथ ही सभी अधिकारियों को शिकायतों की नियमित समीक्षा कर निर्धारित समयसीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार, उप जिलाधिकारी वैभव गुप्ता, नवागत तहसीलदार राघवेंद्र पाण्डेय, नवागत नायब तहसीलदार धर्मेंद्र चौधरी सहित विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

