कन्नौज: भाजपा जिला कार्यालय में मतदाता जोड़ो अभियान की कार्यशाला संपन्न 

बृजेश चतुर्वेदी 

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो) । भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय  में आज मतदाता जोड़ो अभियान के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में लोकप्रिय नेता एवं पूर्व सांसद श्री सुब्रत पाठक जी, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री वीर सिंह भदौरिया जी तथा क्षेत्रीय उपाध्यक्ष श्री नरेंद्र राजपूत जी ने उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद  सुब्रत पाठक ने कहा कि मतदाता जोड़ो अभियान केवल नए मतदाताओं को पार्टी से जोड़ने का अभियान नहीं है, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने और प्रत्येक पात्र नागरिक की मतदाता सूची में भागीदारी सुनिश्चित करने का महत्वपूर्ण दायित्व है। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता इस अभियान को संगठनात्मक प्राथमिकता मानते हुए पूरी सक्रियता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करे। पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में जुड़वाने के साथ-साथ मतदाता सूची की शुद्धता पर भी विशेष ध्यान दिया जाए।

भाजपा जिलाध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया ने कहा कि संगठन की वास्तविक ताकत बूथ स्तर पर कार्य करने वाले समर्पित कार्यकर्ता हैं। मतदाता जोड़ो अभियान को सफल बनाने के लिए मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी एवं सभी पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे, इसके लिए कार्यकर्ताओं को घर-घर तक पहुंचकर जागरूकता बढ़ानी होगी।

क्षेत्रीय उपाध्यक्ष नरेंद्र राजपूत ने भी अभियान की संगठनात्मक रूपरेखा एवं कार्ययोजना पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए सभी कार्यकर्ताओं से सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर विधानसभा प्रभारी डी.एस. राठौर, सक्षम मिश्रा, रामसेवक कठेरिया, अशोक सिंह, गोपाल चतुर्वेदी, विनीता चतुर्वेदी, रजनी पाल, रेखा दोहरे, राजेश सिंह, राजन अवस्थी, राजेश राजपूत, लोकेंद्र सिंह, शिवेंद्र कुमार, रामबाबू कटियार, रेखा दोहरे, वीरेंद्र कठेरिया, जिला मीडिया प्रभारी अभिषेक पाण्डेय सहित जनपद के सभी मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी, मंडल पदाधिकारी एवं पार्टी के अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यशाला में अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने, पात्र मतदाताओं को जोड़ने तथा संगठन की पहुंच प्रत्येक बूथ तक सुनिश्चित करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। सभी पदाधिकारियों ने अभियान को पूरी निष्ठा एवं सक्रियता के साथ सफल बनाने का संकल्प लिया।