महेश वर्मा
फर्रुखाबाद।(आवाज न्यूज ब्यूरो) । शमशाबाद के ढाई घाट पर 23 से 25 नवंबर तक आयोजित होने वाले कार्तिक मेले को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने संयुक्त रूप से मेला स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, स्नान घाट की व्यवस्था और सुविधाओं को लेकर संबंधितविभागों को आवश्यक निर्देश दिए। डीएम ने घाट पर मजबूत बैरीकेडिंग कराने और मेला परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगवाकर निगरानी सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सुरक्षा मानकों की जांच के बाद ही झूलों को लगाने की अनुमति दी जाए। किसी भी स्थिति में बच्चों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा से समझौता नहीं होना चाहिए।मेला परिसर में साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और अस्थायी शौचालयों का इंतजाम करने के निर्देश दिए गए। महिला श्रद्धालुओं की सुविधा और निजता के लिए घाट के निकट सुरक्षित चेंजिंग रूम बनवाने को भी कहा गया। डीएम ने सभी विभागों को आपसी समन्वय से मेले से पहले व्यवस्थाएं पूरी करने और उनका दोबारा परीक्षण करने के निर्देश दिए। वहीं एसपी आरती सिंह ने पुलिस अधिकारियों को पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने को कहा, जिससे श्रद्धालु सुरक्षित माहौल में स्नान और मेले का आनंद ले सकें।निरीक्षण के दौरान एडीएम वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह, एसडीएम कायमगंज अभिषेक वर्मा, सीओ कायमगंज अजय वर्मा, खंड विकास अधिकारी कायमगंज सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

