फर्रुखाबाद।(आवाज न्यूज ब्यूरो) । तहसील सभागार में शनिवार को जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह की संयुक्त अध्यक्षता में तहसील समाधान दिवस आयोजित किया गया। इसमें विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 135 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें 11 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को सौंपते हुए समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए।डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों को केवल औपचारिकता न समझें, बल्कि मौके पर जाकर जांच करें और फरियादियों की समस्या का वास्तविक समाधान कराएं। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाहीऔर देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। फरियादियों को अपनी समस्या के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।समाधान दिवस में खंड शिक्षा अधिकारी शमशाबाद के अनुपस्थित रहने पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को संबंधित अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने और वेतन रोकने के निर्देश दिए। इस दौरान डीएम और एसपी ने तहसील परिसर में बनाए गए ईवीएम एवं वीवीपैट प्रशिक्षण केंद्र का निरीक्षण किया। मशीनों की कार्यप्रणाली देखी और मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया की जानकारी देने के निर्देश दिए। इसके अलावा जनगणना-2027 के तहत स्थापित स्वगणना सेल्फी प्वाइंट पर सेल्फी लेकर लोगों से अभियान में भागीदारी की अपील की। प्राप्त 135 शिकायतों में पुलिस विभाग की 45, राजस्व की 41, विद्युत की 13, विकास विभाग की नौ, आपूर्ति विभाग की दो, नगर पालिका एवं नगर पंचायत की तीन तथा अन्य विभागों की 22 शिकायतें शामिल रहीं। इस दौरान एडीएम वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह, एसडीएम अभिषेक वर्मा, सीओ अजय वर्मा, तहसीलदार अरविंद कुमार रहे।
तहसील समाधान दिवस में 135 शिकायतें आईं : 11 का मौके पर निस्तारण

