पंजाब में 6 साल बाद फिर साथ आए भाजपा-अकाली दल: अमित शाह ने किया गठबंधन का ऐलान

नई दिल्ली। (आवाज न्यूज ब्यूरो) । पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 में बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे। गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन और अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर बादल ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसका ऐलान किया। हालांकि, गठबंधन में सीटों के बंटवारे का ऐलान अभी नहीं हुआ है। पंजाब में 2027 में फरवरी-मार्च में विधानसभा चुनाव होने हैं।
अमित शाह ने साफ कर दिया कि पंजाब में अकाली दल ही बीजेपी के साथ बड़े भाई की भूमिका में रहेगा। शाह ने कहा- बड़ा भाई ही मुख्यमंत्री होता है। यानी अमित शाह ने साफ कर दिया कि सुखबीर बादल सीएम फेस होंगे। अमित शाह ने कहा- मैं दुनियाभर की संगत और भारत की जनता को गुरुपर्व की बधाई देता हूं। हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष के नेतृत्व में आज अभी अभी एक बैठक हुई है। उसमें अकाली दल और बीजेपी, दोनों के प्रमुख नेताओं ने फैसला लिया है कि अगला पंजाब विधानसभा चुनाव दोनों मिलकर चुनाव लड़ेंगे। अकाली दल आज से छक्। में हमारे सहयोगी के तौर पर काम करेंगे। अमित शाह ने कहा- अकाली दल और बीजेपी के गठबंधन का मुख्य लक्ष्य पंजाब को नशा और भ्रष्टाचार से मुक्त करना है। अरविंद केजरीवाल ने तीन महीने में नशा खत्म करने का ऐलान किया था। राहुल गांधी ने एक झटके में नशा खत्म करने का ऐलान किया है। लेकिन इसके बावजूद नशा पंजाब में बढ़ा है।
शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने कहा- यह सिर्फ एक राजनीतिक गठबंधन नहीं है, बल्कि एक भावनात्मक जुड़ाव है। जैसा कि मेरे स्वर्गीय पिता कहा करते थे, अकाली दल और भाजपा का रिश्ता अटूट है, जो बहुत गहराई से जुड़ा हुआ है। यह गठबंधन पंजाब के हित में, देश के हित में और सिख समुदाय के हित में है। उन्होंने कहा- आपने देखा ही होगा कि यह गठबंधन कितने लंबे समय तक चला और इसके दौरान कितनी सरकारें बनीं; पंजाब तरक्की कर रहा है। पंजाब में शांति रही है और भाईचारा कायम रहा है। शिरोमणि अकाली दल कोई नई पार्टी नहीं है, यह भारत के इतिहास की दूसरी सबसे पुरानी पार्टी है। देश की आज़ादी में शिरोमणि अकाली दल के नेतृत्व और कार्यकर्ताओं का सबसे बड़ा योगदान रहा है। आजादी के बाद भी चाहे गरीबों का मुद्दा हो, पंजाब का मुद्दा हो, मजदूरों का मुद्दा हो या फिर देश का मुद्दा- शिरोमणि अकाली दल ने हमेशा संघर्ष किया है।