‘‘पहचान की नहीं, संबंधों की डोरी खुलने की गलती’’
‘‘पुलिस पर भी उठाए सवाल’’
लखनऊ।(आवाज न्यूज ब्यूरो) । सहारनपुर में एआईएमआईएम प्रमुख और सांसद असदुद्दीन ओवैसी को गार्ड ऑफ ऑनर दिए जाने के मामले ने अब सियासी तूल पकड़ लिया है। पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव भी इस विवाद में कूद पड़े हैं। उन्होंने फेसबुक पोस्ट के जरिए बिना ओवैसी का नाम लिए भाजपा सरकार पर निशाना साधा और तंज कसते हुए कहा कि सम्मान देने के बाद उसे गलती बताना और भी बड़ा अपमान है। अखिलेश ने इस पूरे प्रकरण को लेकर यूपी पुलिस की कार्रवाई और सरकार के बयानों पर भी सवाल उठाए हैं।
अखिलेश यादव ने अपनी फेसबुक पोस्ट में लिखा कि सुना है सहारनपुर में किसी को गलती से सम्मान दे दिया गया है। इसका मतलब भाजपा सरकार यह कह रही है कि वह सोच-समझकर उन्हें कभी सम्मान नहीं देती और जो हुआ, वह भूल से हुआ। अखिलेश ने तंज कसते हुए कहा कि सम्मान देने के बाद इस तरह की बात कहना तो और भी बड़ा अपमान है। उन्होंने पोस्ट में आगे लिखा कि भाजपा सरकार से गलती यह हुई कि जो संबंध दबा-छिपा था, उसका भंडाफोड़ हो गया। या फिर यह भी हो सकता है कि किसी को सम्मान देकर अप्रत्यक्ष रूप से किसी और का अपमान किया जा रहा हो। पूर्व मुख्यमंत्री ने पोस्ट में लिखा कि यह पहचान की गलती नहीं है, बल्कि चरखी से संबंध की डोरी खुल जाने की गलती है। उन्होंने तंज किया कि यह गलती उस विभाग से हुई है, जिससे खुफिया जानकारी रखने की भी उम्मीद की जाती है। अखिलेश ने सरकार की संभावित कार्रवाई पर भी टिप्पणी की। उन्होंने लिखा कि इसमें विपक्ष की कोई भूमिका नहीं है कि सरकार तुरंत भ्रामक बयान देकर बड़ी-बड़ी संगीन धाराओं में चार-पांच लोगों को निरुद्ध और गिरफ्तार करके जेल भेज दे।
अखिलेश यादव ने यूपी सरकार और पुलिस विभाग पर निशाना साधते हुए लिखा कि उन्होंने चुनाव लड़ने से पहले ही इनकी जमानत जब्त कर दी है और बोलती बंद कर दी है। उन्होंने दावा किया कि सम्मान रूपी अपमान के इस प्रकरण के बाद हैदराबाद तक में भाजपा के खिलाफ आक्रोश फैल गया है। पोस्ट के आखिर में अखिलेश ने एक गाने की पंक्ति का जिक्र करते हुए तंज कसा- हम थे जिनके सहारे, वो हुए न हमारे। इस टिप्पणी के जरिए उन्होंने पूरे घटनाक्रम को भाजपा के लिए राजनीतिक असहजता से जोड़ने की कोशिश की।
यूपी पुलिस की छवि पर भी उठाए सवाल
अखिलेश यादव ने अपनी पोस्ट में यूपी पुलिस की ओर से सोशल मीडिया पर इस घटना से संबंधित सामग्री हटाने की बात का भी जिक्र किया। उन्होंने लिखा कि पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया सामग्री इसलिए हटाई जाए, क्योंकि इससे उत्तर प्रदेश पुलिस की छवि खराब हो रही है। इस पर तंज कसते हुए अखिलेश ने लिखा कि जनता पूछ रही है कि छवि बची ही कहां है, जो खराब होगी। गार्ड ऑफ ऑनर दिए जाने के मामले में अखिलेश की इस पोस्ट के बाद विवाद को लेकर राजनीतिक बयानबाजी और तेज हो गई है।
ओवैसी को गार्ड ऑफ ऑनर पर अखिलेश का भाजपा पर तंज: सम्मान देने के बाद गलती बताना और बड़ा अपमान

