कन्नौज: एक्सप्रेसवे पर खड़ी स्कूली बस में ट्रक ने मारी टक्कर, चार छात्रों की मौत, 35 घायल

मथुरा-वृंदावन से शैक्षणिक भ्रमण कर लौट रहे थे कौशांबी के छात्र; टॉयलेट के लिए चालक ने रोकी थी बस, डीएम-एसपी और डीआईजी मेडिकल कॉलेज पहुंचे

बृजेश चतुर्वेदी 

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो) । आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह भीषण सड़क हादसे में चार स्कूली छात्रों की मौत हो गई, जबकि करीब 35 छात्र घायल हो गए। हादसा ठठिया थाना क्षेत्र में किलोमीटर संख्या 209.9 के पास हुआ। मथुरा-वृंदावन से शैक्षणिक भ्रमण और पिकनिक कर लौट रही छात्रों से भरी बस को पीछे से आ रहे आलू लदे तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी।

जानकारी के मुताबिक, कौशांबी जिले के ओरिएंट पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राएं शैक्षणिक भ्रमण के लिए मथुरा और वृंदावन गए थे। मंगलवार सुबह करीब 50 छात्र-छात्राओं और छह शिक्षकों को लेकर बस कौशांबी लौट रही थी। रास्ते में ठठिया थाना क्षेत्र के पास चालक ने टॉयलेट के लिए बस को रोक दिया। इसी दौरान आगरा की ओर से आ रहे अनियंत्रित ट्रक ने खड़ी बस में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस में सवार छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, यूपीडा की टीम और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गईं। राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज, तिर्वा में भर्ती कराया गया। हादसे की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार भी मेडिकल कॉलेज पहुंचे। अधिकारियों ने घायलों के उपचार की जानकारी ली और चिकित्सकों को बेहतर इलाज के निर्देश दिए। बाद मे कन्नौज भ्रमण पर आये डीआईजी यमुना प्रसाद भी मेडिकल कॉलेज गए और घायल बच्चो का हाल चाल जाना।