बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज। (आवाज न्यूज ब्यूरो) । जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री एवं पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार द्वारा आज जिला कारागार का संयुक्त निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कारागार की विभिन्न बैरकों, बंदियों की स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई तथा बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं का गहन जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जेल अधीक्षक द्वारा अवगत कराया गया कि कारागार परिसर एवं बैरकों की नियमित रूप से जेल प्रशासन एवं संबंधित स्टाफ द्वारा जांच की जाती है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी प्रतिबंधित सामग्री के प्रवेश को रोकने के लिए सतत निगरानी रखी जा सके। निरीक्षण के समय जिला कारागार में व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि कारागार की सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा जेल परिसर में प्रतिबंधित सामग्री के प्रवेश पर प्रभावी रोक सुनिश्चित की जाए। उन्होंने बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि कारागार में प्रवेश करने वाले प्रत्येक नए बंदी का जेल चिकित्सकों द्वारा अनिवार्य रूप से स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाए, ताकि उसकी स्वास्थ्य स्थिति का समुचित आकलन कर आवश्यक उपचार एवं देखभाल सुनिश्चित की जा सके। साथ ही साफ-सफाई, भोजन की गुणवत्ता एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का भी नियमित निरीक्षण किया जाए।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने जेल अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि कारागार की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाए रखने के लिए नियमित निरीक्षण एवं सतर्क निगरानी जारी रखें। निरुद्ध बंदियों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाए तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा सुरक्षा संबंधी स्थिति की जानकारी तत्काल उच्चाधिकारियों को उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने सुरक्षा एवं अनुशासन बनाए रखने के लिए जेल प्रशासन को आपसी समन्वय के साथ सतर्कतापूर्वक कार्य करने के निर्देश दिए।

