कन्नौज: थाना समाधान दिवस में डीएम एसपी ने छिबरामऊ मे सुनीं फरियादियों की समस्याएं

बृजेश चतुर्वेदी 

कन्नौज। । (आवाज न्यूज ब्यूरो) । जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री एवं पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार की संयुक्त उपस्थिति में थाना छिबरामऊ में आयोजित थाना समाधान दिवस में पहुंचकर फरियादियों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना गया। अधिकारियों ने शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी प्राप्त की तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शिकायतों का निष्पक्ष, पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि थाना समाधान दिवस में प्राप्त प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उसके निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब न किया जाए। राजस्व एवं पुलिस विभाग से संबंधित मामलों में संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय स्थापित कर शिकायतों का प्रभावी समाधान सुनिश्चित करें। भूमि विवाद एवं अन्य संवेदनशील प्रकरणों में आवश्यकतानुसार संयुक्त टीम गठित कर मौके पर जाकर जांच एवं कार्रवाई की जाए, जिससे शिकायतकर्ताओं को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें तथा उन्हें न्यायोचित समाधान प्राप्त हो सके।

उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। अधिकारी शिकायतों के निस्तारण में संवेदनशीलता, जवाबदेही एवं जनहित की भावना के साथ कार्य करें और प्रत्येक शिकायत के निस्तारण की गुणवत्ता सुनिश्चित करें।

पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने कहा कि थाना समाधान दिवस का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान कर उन्हें न्याय दिलाना है। पुलिस अधिकारी शिकायतों पर तत्परता से कार्रवाई करें, प्रकरणों की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करें तथा कानून एवं शांति व्यवस्था से संबंधित मामलों में विशेष सतर्कता बरतें। उन्होंने निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता एवं संवेदनशीलता बनाए रखते हुए फरियादियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए।