कोलकाता मामले से ‘राजनीतिक लाभ’ उठाना चाहती है भाजपा : अखिलेश

‘‘देश में महिला के साथ कोई भी घटना दुखद है’’
‘‘जब भी उपचुनाव होंगे, जनता भाजपा को हराएगी’’
लखनऊ। (आवाज न्यूज ब्यूरो) 
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को भाजपा पर हमला करते हुए कहा कि इस पार्टी में हर घटना पर राजनीति करने का हुनर है। कोलकाता में चिकित्सक के साथ दुष्कर्म और हत्या से जुड़े एक सवाल का जवाब देते हुए अखिलेश यादव ने यहां पत्रकारों से कहा, भाजपा में हर घटना पर राजनीति करने का हुनर है। भाजपा में हर घटना से राजनीतिक लाभ लेने और दूसरों को बदनाम करने का हुनर है।
मीडिया से बातचीत से पहले अखिलेश यादव ने यहां स्वतंत्रता सेनानी महारानी अवंतीबाई लोधी की जयंती पर उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए। यह प्रतिमा यहां भाजपा के प्रदेश मुख्यालय के मुख्य द्वार के ठीक बाहर स्थित है। यादव ने कहा, देश भर में किसी भी महिला के साथ कोई भी घटना दुखद है। इसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। ममता बनर्जी खुद एक महिला मुख्यमंत्री हैं और वह कार्रवाई करेंगी। लेकिन, भाजपा के लोग राजनीति कर रहे हैं।
यूपी में आगामी उपचुनाव के बारे में पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए सपा प्रमुख ने दावा किया, जब भी उपचुनाव होंगे, जनता भाजपा को हराएगी। यह अधिकारियों के माध्यम से चुनाव जीतना चाहते हैं, इसकी शिकायत समाजवादी पार्टी निर्वाचन आयोग से करेगी। प्रदेश में 10 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होने हैं। चुनाव की तारीखें अभी घोषित नहीं हुई हैं। यादव ने आरोप लगाया, हम यह नहीं भूल सकते कि भाजपा ने चुनावों में किस तरह काले धन का इस्तेमाल किया है। भाजपा भ्रष्ट लोगों और जुमलेबाजों का समूह बन गई है। उन्होंने कहा कि देश के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि महंगाई कम हो और बेरोजगारों को रोजगार मिले।

Check Also

जिंप अध्यक्ष मोनिका यादव के नई बस्ती स्थित आवास पर पहुंचेगें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी

रानी अहिल्या बाई होल्कर जन्म त्रि-शताब्दी वर्ष स्मृति अभियान के अंतर्गत होगा फर्रुखाबाद जिला पंचायत …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *