‘‘छतरपुर में बुलडोजर कार्रवाई को लेकर प्रियंका गांधी ने उठाए सवाल’’
‘‘जो राजधर्म नहीं निभा सकता, वह न तो समाज का कल्याण कर सकता है, न ही देश का।’’
नई दिल्ली। (आवाज न्यूज ब्यूरो) भाजपा शासित राज्यों में अपराधियों के घर पर बुलडोजर एक्शन को लेकर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने सवाल उठाए हैं। भाजपा पर निशाना साधते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि बुलडोजर न्याय पूरी तरह अस्वीकार्य है, यह बंद होना चाहिए।
कांग्रेस नेता का बयान ऐसे वक्त में जब मध्य प्रदेश के छतरपुर में एक विरोध प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा में आरोपी के घर को बुल्डोजर से जमींदोज किया गया। अब भाजपा शासित राज्यों में अपराधियों के घर पर बुलडोजर की कार्रवाई को लेकर कांग्रेस ने सवाल खड़े किए हैं।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, अगर कोई किसी अपराध का आरोपी है तो उसका अपराध और उसकी सजा सिर्फ अदालत तय कर सकती है। लेकिन आरोप लगते ही आरोपी के परिवार को सजा देना, उनके सिर से छत छीन लेना, कानून का पालन न करना, अदालत की अवहेलना करना, आरोप लगते ही आरोपी का घर ढहा देना — यह न्याय नहीं है। यह बर्बरता और अन्याय की पराकाष्ठा है। उन्होंने लिखा, कानून बनाने वाले, कानून के रखवाले और कानून तोड़ने वाले में फर्क होना चाहिए। सरकारें अपराधी की तरह व्यवहार नहीं कर सकतीं। कानून, संविधान, लोकतंत्र और मानवता का पालन सभ्य समाज में शासन की न्यूनतम शर्त है। जो राजधर्म नहीं निभा सकता, वह न तो समाज का कल्याण कर सकता है, न ही देश का। बुलडोजर न्याय पूरी तरह अस्वीकार्य है, यह बंद होना चाहिए।
