नई दिल्ली। (आवाज न्यूज ब्यूरो) बिहार में इस साल के आखिरी में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। इस बीच बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस एक्टिव हो गई है। वहीं महागठबंधन के प्रमुख दल आरजेडी की दो टूक है कि विधानसभा में सीटें निर्धारित है। ठोक बजाकर ही सीटों का बंटवारा किया जाएगा। ऐसे में आरजेडी का यह संदेश महागठबंधन के अन्य दल वीआइपी, वामदल और कांग्रेस के लिए है। हालांकि कांग्रेस, राजद पर दबाव बनाने के लिए अभी से ही पार्टी के बड़े नेताओं को मैदान में उतार रही है।
वहीं दूसरी तरफ बिहार में अपनी जमीन तलाशने की कवायद में जुटी कांग्रेस की नजर दलित वोट बैंक पर है। इसी रणनीति के तहत लोकसभा में विपक्ष नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी अब तक दो बार पटना का दौरान कर चुके हैं। दरअसल, फरवरी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की दो सभाएं होनी हैं। इसके बाद मार्च में प्रियंका गांधी का कार्यकम बनाया जा रहा है। कांग्रेस की चुनावी टीमों ने बिहार में काम करना भी शुरू कर दिया है। आपको बता दें कि मल्लिकार्जुन खरगे 22 फरवरी को बक्सर में जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके एक हफ्ते के अंदर 28 फरवरी को पश्चिम चंपारण में भी खरगे की सभा की तैयारियां की जा रही है। वहीं पिछले 18 दिनों के अंतराल में राहुल गांधी दो बार बिहार आ चुके हैं। अब एक बार फिर से कांग्रेस नेता राहुल गांधी के आने की चर्चा है। हालांकि राहुल गांधी कब आएंगे इसको लेकर अभी तक कुछ भी स्पष्ट नहीं है? आपकी जानकारी के लिए बता दें कि प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के रूप में नियुक्ति के बाद 20 फरवरी को कृष्णा अल्लवारू बिहार आएंगे। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी तीन दिसवीय पटना दौरे पर रहेंगे। दरअसल, कांग्रेस को भी पता है कि राजद से सीटें प्राप्त करना उसके लिए आसान नहीं है। इसलिए कांग्रेस अभी से ही अपने बड़े नेताओं को बिहार भेज रही है।
