पत्रकारों पर पुलिस हमले को लेकर आयोग ने मांगी एमपी पुलिस से रिपोर्ट

नई दिल्ली।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने मध्य प्रदेश के भिंड जिले में पुलिस द्वारा दो पत्रकारों पर कथित हमले का स्वतः संज्ञान लेते हुए राज्य के पुलिस महानिदेशक को नोटिस जारी कर दो सप्ताह में इस मामले में विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।
एनएचआरसी ने दिल्ली के प्रेस क्लब से इस संबंध में जारी एक विज्ञप्ति का स्वतः संज्ञान लेते हुए कहा है कि मध्य प्रदेश के भिंड जिले में पुलिस द्वारा दो पत्रकारों के साथ जिला पुलिस अधीक्षक की निगरानी में क्रूरतापूर्वक मारपीट की गई। यह घटना गत एक मई की है। आयोग ने कहा है कि प्रेस विज्ञप्ति में कही गई बात यदि सही है तो पीड़ित पत्रकारों के मानवाधिकारों का गंभीर उल्लंघन करती है। आयोग ने मध्य प्रदेश के पुलिस महानिदेशक को एक नोटिस जारी किया है जिसमें दो सप्ताह के अंदर इस मामले में विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है। एनएचआरसी के अनुसार 25 मई को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, दोनों पत्रकारों को एक वीडियो बयान रिकॉर्ड करने के लिए मजबूर किया गया जिसमें कहा गया कि उनके बीच सभी मामले सुलझा लिए गए हैं।