कन्नौज : शांतिपूर्ण तरीके से मना ईद-उल-अजहा का त्योहार

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। ईदगाह में शनिवार सुबह नमाजियों की भीड़ उमड़ी। यहां आला अधिकारियों की मौजूदगी में जिले की 52 ईदगाहों पर ईद-उल-अजहा की नमाज पढ़ी गई। इसके बाद गले मिलकर एक-दूसरे को मुबारकबाद दी।

जिले में ईद-उल-अजहा का त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से मनाया गया। ईदगाह में नमाज के समय डीएम आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और एसपी बिनोद कुमार फोर्स के साथ मौजूद रहे। यहां भीड़ को देखते हुए चप्पे-चप्पे पर फोर्स तैनात रहा। इसी तरह जिले के तिर्वा, छिबरामऊ, सौरिख, गुरसहायगंज और तालग्राम क्षेत्रों की ईदगाहों में नमाज पढ़ी गई। इन सभी जगहों पर पुलिस मुस्तैद रही।

डीएम-एसपी ने की गश्त

बकरीद की नमाज के दौरान ड्रोन कैमरों से संदिग्धों पर नजर रखी गई। डीएम-एसपी ने पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। नमाजियों, आमजन और राहगीरों से बातचीत कर उन्हें सुरक्षा का अहसास दिलाया।

सुरक्षा व्यवस्था रही मजबूत

इस दौरान अधिकारियों ने आपसी भाई-चारे और सौहार्दपूर्ण तरीके से त्योहार मनाने की अपील की। इसी तरह एसपी के निर्देश पर सभी डीएसपी और थानाध्यक्षों ने फोर्स के साथ अपने-अपने क्षेत्रों की ईदगाहों और मस्जिदों पर मौजूद रहकर नमाज को शांतिपूर्वक सम्पन्न कराया। इस दौरान ट्रैफिक व्यवस्था को बनाए रखने के भी निर्देश दिए गए।