लखपति दीदी योजना में सीसीएल पर खास फोकस करें: डीएम
बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो) जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में मुख्यमंत्री (सीएम) युवा उद्यमी योजना एवं लखपति दीदी योजना के संबंध में बैठक संपन्न हुई।
जिलाधिकारी ने सीएम युवा उद्यमी योजना के क्रियान्वयन, लाभार्थियों की चयन प्रक्रिया और लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि वित्तीय वर्ष 2025- 26 में 2200 लक्ष्य के सापेक्ष बैंकों द्वारा 252 की स्वीकृत एवं 184 लाभार्थियों को लोन वितरण कर लाभांवित किया गया है, इस योजना का लाभ अधिक से अधिक पात्र युवाओं तक पहुंचाया जाए, इसके लिए व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया जाए।
श्री अग्निहोत्री ने 648 लंबित प्रकरण पाए जाने पर निर्देश दिए कि साप्ताहिक समीक्षा कर लंबित प्रकरणों का शीघ्रातिशीघ्र निस्तारण किया जाए। जिन आवेदकों के दस्तावेज अधूरे हैं, उन्हें स्पष्ट रूप से सूचित किया जाए ताकि वे समय पर सुधार कर सकें। आवेदन की जांच प्रक्रिया को पारदर्शी एवं त्वरित बनाया जाए, ताकि युवाओं को समय पर ऋण एवं अन्य सुविधाएं प्राप्त हो सकें। बैंकों के सहयोग से ऋण स्वीकृति प्रक्रिया में तेजी लाई जाए।
श्री अग्निहोत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सीएम युवा उद्यमी योजना से जुड़े सभी विभागों के बीच समन्वय सुनिश्चित किया जाए, जिससे किसी भी स्तर पर देरी न हो। युवाओं को उद्यमिता के लिए मार्गदर्शन एवं प्रशिक्षण दिया जाए, जिससे वे अपने व्यवसाय को सफलतापूर्वक संचालित कर सकें।
उन्होंने निर्देश दिए कि लखपति दीदी योजना के अंतर्गत गठित स्वयं सहायता समूहों को सशक्त करने के लिए सीसीएल (कैश क्रेडिट लिमिट) पर विशेष ध्यान दिया जाए। सीसीएल के प्रकरणों की त्वरित स्वीकृति के लिए बैंक अधिकारियों से समन्वय स्थापित किया जाए तथा लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा की जाए। साथ ही अगरबत्ती, धूपबत्ती, हवन सामग्री जैसी आवश्यकता वाली चीजों के ट्रेनिंग पर भी फोकस किया जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रामकृपाल चौधरी, उपायुक्त स्वतः रोजगार राजकुमार लोधी, उपायुक्त उद्योग धनंजय सिंह, खंड विकास अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

