उत्तर प्रदेश कोऑपरेटिव बैंक फर्रुखाबाद पर भाजपा का कब्जा : निर्विरोध अध्यक्ष बने पूर्व विधायक कुलदीप गंगवार

फर्रुखाबाद। (आवाज न्यूज ब्यूरो)। दिनांक 30 जून 2025 दिन सोमवार को उत्तर प्रदेश कोऑपरेटिव बैंक फर्रुखाबाद के संपन्न हुए चुनाव में पूर्व विधायक कुलदीप गंगवार को निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया है। इस अवसर पर कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल, जिला संगठन प्रभारी शिव महेश द्विवेदी, जिला अध्यक्ष फतेहचंद वर्मा, सांसद मुकेश राजपूत, विधायक भोजपुर नागेंद्र सिंह राठौड़, कन्नौज जिला अध्यक्ष वीर सिंह भदोरिया, अमृतपुर विधायक सुशील कुमार शाक्य, जिला पंचायत अध्यक्ष मोनिका यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि सचिन यादव, पूर्व मंत्री नरेंद्र सिंह यादव, दुग्ध संघ अध्यक्ष सत्यपाल सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ भूदेव सिंह राजपूत एवं अन्य कार्यकर्ता गणों की उपस्थिति में चुनावी प्रक्रिया संपन्न हुई।
कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी के साथ नवनिर्वाचित कोऑपरेटिव बैंक अध्यक्ष कुलदीप गंगवार का अभिनंदन किया तत्पश्चात क्षेत्रीय अध्यक्ष आवास विकास स्थित भाजपा कार्यालय पहुंचे जहां पर नवनिर्वाचित बैंक अध्यक्ष का अभिनंदन समारोह आयोजित हुआ। आयोजित अभिनंदन समारोह में क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कहा सहकारिता उत्तर प्रदेश की एक बहुत बड़ी संस्था है। उत्तर प्रदेश में जब पहली बार मुलायम सिंह यादव सहकारिता मंत्री बने तो उन्होंने सहकारिता के उत्थान के लिए नहीं बल्कि निजी स्वार्थ के लिए सहकारिता विभाग को भ्रष्टाचार का अड्डा बना दिया। लेकिन बाद में अखिलेश यादव की सरकार में सहकारिता में भ्रष्टाचार और धांधली जारी रही, लेकिन 2017 में योगी सरकार की अस्तित्व में आने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं संगठन ने मिलकर इसके उत्थान के लिए ऐतिहासिक निर्णय लिए। सहकारिता को पुनर्जीवित करने के लिए ऐतिहासिक और ठोस कदम उठाए गए। आज पूरी तरह से उत्तर प्रदेश का सहकारिता विभाग समाजवादी पार्टी से मुक्त हो गया है। किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए सहकारिता विभाग आगे आने वाले वर्षों में इसके उत्थान के लिए ऐतिहासिक निर्णय लेती रहेगी। देश के विकास में सहकारिता का विशेष स्थान है। देश के सहकारिता व गृहमंत्री अमित शाह ने पूरे देश में सहकारिता के ढांचे को मजबूत करने का कार्य किया।
भाजपा जिला अध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने कहा पूर्व विधायक कुलदीप गंगवार को दूसरी बार कोऑपरेटिव बैंक का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। आज हुए चुनावी प्रक्रिया में कुलदीप गंगवार निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं। समाजवादी पार्टी हताश और निराश है। एक विकसित भारत के निर्माण में सहकारिता का विशेष योगदान होता है। आगे आने वाले समय में सहकारिता के क्षेत्र में सरकार द्वारा ऐतिहासिक निर्णय लिए जाएंगे। कार्यकर्ता आगामी चुनाव के लिए अभी से कमर कस लें। आगामी पंचायत और विधानसभा के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी इसी तरह से जीत का सिलसिला जारी रखेगी। कार्यक्रम का संचालन जिला मंत्री अमरदीप दीक्षित ने किया। इस अवसर पर हिमांशु गुप्ता, डीएस राठौर, जिला कोषाध्यक्ष संजीव गुप्ता, जितेंद्र सिंह राठौर, वीरेंद्र सिंह राठौड़, शंकर सिंह, प्रबल त्रिपाठी, जिला मीडिया प्रभारी शिवांग रस्तोगी आदि लोग मौजूद रहे।