कन्नौज : नवाब की सम्पत्ति दूसरे दिन भी कुर्क, अब तक हुई दो करोड़ अड़तीस लाख की कुर्की

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज। (आवाज न्यूज ब्यूरो)  नाबालिग से रेप के आरोपी नवाब सिंह यादव की संपत्तियों को कुर्क करने की कार्यवाही लगातार दूसरे दिन भी की गई। इस बार करीब डेढ़ करोड़ कीमत की जमीनों को कुर्क किया गया, जोकि नवाब सिंह की मां और पत्नी के नाम दर्ज हैं।

पूर्व सपा नेता नवाब सिंह यादव की संपत्ति को कुर्क करने की कार्यवाही मंगलवार को भी की गई। फोर्स के साथ पहुंची एसडीएम सदर नवनीता राय ने गदनपुर और कंदरौली बांगर की जमीनों पर बोर्ड लगवाकर संपत्ति कुर्क किए जाने का दावा किया।

डुगडुगी पिटवाकर मुनादी भी कराई गई

इसके अलावा डुगडुगी पिटवाकर मुनादी भी कराई गई। कुर्क की गई जमीनें तहसीलदार सदर के सुपुर्द कर दी गईं। कार्यवाही को लेकर एसडीएम ने बताया कि गैंगस्टर नवाब सिंह यादव पर गिरोहबंद एवं असमाजिक क्रिया कलाप निवारण अधिनियम 1986 की धारा 14 (1) के तहत संपत्ति कुर्क करने की कार्यवाही की गई है।

मंगलवार को गदनपुर बड्डू मोहल्ला और कंदरौली बांगर की जमीनें कुर्क की गई। गदनपुर बड्डू की जमीन की कीमत 72 लाख और कंदरौली बांगर की जमीन की कीमत 74 लाख रुपए है। जोकि नवाब सिंह यादव की मां मूला देवी और पत्नी सुशील देवी के नाम पर दर्ज है।

एक दिन पहले भी हुई कुर्की की कार्यवाही

नवाब सिंह यादव की संपत्ति कुर्क करने की कार्यवाही एक दिन पहले भी की जा चुकी। सोमवार को पुलिस लाइन के पास 92 लाख कीमत की प्रॉपर्टी को प्रशासन ने कुर्क किया था। इसके बाद लगातार दूसरे दिन भी कुर्की की कार्यवाही की गई। इस प्रकार दो दिनों में 2 करोड़ 38 लाख कीमत की अचल संपत्ति कुर्क कर ली गई है।