बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभा सभागार में आयकर विभाग के तत्वावधान में टीडीएस (स्रोत पर कर कटौती) से संबंधित एकदिवसीय जागरूकता सेमिनार का आयोजन सम्पन्न हुआ।
जिलाधिकारी ने कहा कि टीडीएस कर संग्रहण की एक प्रभावी प्रणाली है, जो राजस्व संग्रहण में पारदर्शिता सुनिश्चित करती है। उन्होंने प्रतिभागियों से आह्वान किया कि वे समय से टीडीएस की कटौती एवं जमा सुनिश्चित करें तथा निर्धारित समय में विवरणी प्रस्तुत करें।
आयकर विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा टीडीएस की विभिन्न धाराओं, ऑनलाइन पोर्टल पर विवरणी दाखिल करने की प्रक्रिया, पेनल्टी से बचाव एवं हालिया अद्यतन नियमों के विषय में विस्तार से जानकारी दी गई। प्रतिभागियों को प्रजेंटेशन, प्रश्नोत्तर सत्र एवं केस स्टडी के माध्यम से प्रशिक्षित किया गया।
सेमिनार में विभिन्न शासकीय, अर्द्धशासकीय कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों, बैंकिंग संस्थाओं एवं अन्य कर नियामकों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।
सेमिनार के दौरान अपर जिलाधिकारी (विo/राo) आशीष कुमार सिंह, वरिष्ठ कोषाधिकारी, आयकर अधिकारी सहित समस्त विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

