कन्नौज : डिम्पल पर टिप्पणी के विरोध में उतरी सपा महिला महासभा, एसपी को ज्ञापन

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। समाजवादी पार्टी की महिला नेत्रियों ने मौलाना साजिद रशीदी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सपा महिला सभा की जिलाध्यक्ष कंचन कनौजिया की अगुवाई में महिला नेताओं ने एसपी विनोद कुमार को ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने मौलाना के खिलाफ कार्रवाही की मांग की है।

यह विरोध पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की पत्नी और सांसद डिम्पल यादव पर मौलाना द्वारा की गई टिप्पणी के कारण हुआ है। महिला नेत्रियों ने मौलाना रशीदी पर मुकदमा दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी की मांग की है।

कंचन कनौजिया ने कहा कि मौलाना साजिद रशीदी की सांसद डिम्पल यादव पर की गई टिप्पणी महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली है। उन्होंने बताया कि मौलाना ने टीवी चैनल पर जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया, वह बर्दाश्त करने लायक नहीं है।

महिला नेत्रियों में अंगूरी दहाड़िया, रीना दिवाकर, अर्चना मिश्रा, सीता देवी, संगीता पांडेय, सोमवती और मनोरमा शामिल थीं। सभी ने पुलिस कार्यालय पहुंचकर एसपी को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने इस मामले को महिलाओं के सम्मान से जोड़ते हुए कड़ी कार्रवाही करने की बात कही है।

महिला नेताओं की मांग है कि मौलाना पर रिपोर्ट दर्ज कर उन्हें जेल में डाला जाए। वे जल्द से जल्द कार्रवाही चाहती हैं।