फर्रुखाबाद।(आवाज न्यूज ब्यूरो) । लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ का सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ विधिवत समापन हो गया। शहर के पांचाल घाट पर तड़के से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। गंगा तट पर छठी मइया के जयकारों और पारंपरिक छठ गीतों से वातावरण भक्तिमय हो गया। व्रती महिलाएं पूरी श्रद्धा औरआस्था के साथ गंगा के जल में खड़ी होकर सूर्यदेव के उदय होने की प्रतीक्षा करती रहीं। जैसे ही क्षितिज पर सूर्य की पहली किरण दिखाई दी, व्रती महिलाओं ने भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु और खुशहाली की कामना की। इसके साथ हीचार दिवसीय छठ महापर्व का समापन हो गया। घाट पर उमड़ी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क रहा। पुलिस अधीक्षक आरती सिंह और अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. गिरीश कुमार ने पुलिस बल के साथ पांचाल घाट पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने घाट पर तैनात पुलिसकर्मियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सूर्य को अर्घ्य देने के बाद व्रती महिलाओं ने पूजा-अर्चना कर व्रत का पारण किया। सुबह की पहली किरण के साथ गंगा तट पर उमड़ी आस्था ने छठ महापर्व की धार्मिक और सांस्कृतिक छटा को जीवंत कर दिया।
पांचाल घाट पर उमडी श्रद्धालुओं की भारी भीड: सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देकर छठ महापर्व का हुआ समापन
