वोट चोरी में शामिल सभी लोगों का इत्मीनान से होगा हिसाब : राहुल गांधी

नई दिल्ली।(आवाज न्यूज ब्यूरो) ।  लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने दिल्ली के एक झुग्गी बस्ती इलाके में 728 मतदाताओं में से 727 लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाए जाने का हवाला देते हुए बुधवार को कहा कि वोट चोरी में शामिल सभी लोगों का इत्मीनान से हिसाब होगा।
उन्होंने बीते सोमवार को चांदनी चैके क्षेत्र में यमुना किनारे स्थित बेला एस्टेट की झुग्गी बस्ती का दौरा किया था और इसका वीडियो बुधवार को अपने यूट्यूब चैनल पर जारी किया। गांधी ने कहा, यमुना किनारे बेला एस्टेट में 728 लोग रहते हैं। एसआईआर के बाद मतदाता सूची में सिर्फ़ एक नाम बचा, बाकी 727 नाम काट दिए गए। उन्होंने यह भी कहा कि ये लोग दशकों से वहां रह रहे हैं और 2024 के लोकसभा तथा 2025 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में मतदान कर चुके हैं। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा, संविधान कहता है – एक व्यक्ति, एक वोट। और एक भी वोट मिटाना सिर्फ़ कार्रवाई नहीं, वोट की चोरी है। इस चोरी में नीचे से ऊपर तक जो भी शामिल हैं – सबका हिसाब होगा। इत्मीनान से होगा। निर्वाचन आयोग का कहना है कि मकानों के ध्वस्त होने के कारण संबंधित मतदाता अपने पंजीकृत पते पर सामान्य निवासी के रूप में नहीं पाए गए और इसलिए उनके नाम निर्धारित प्रक्रिया के तहत सूची में शामिल नहीं किए गए। अधिकारियों ने पात्र लोगों से मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन करने को कहा है।