हर घर तिरंगा अभियान के लिए हुई तैयारी बैठक
बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में हर घर तिरंगा, स्वतंत्रता दिवस के संबंध में बैठक सम्पन्न हुई। डीएम ने कहा कि स्वतंत्रता के अमृत काल में स्वतंत्रता दिवस दिनांक 15.08.2025 को सम्पूर्ण जनपद में “हमारा संविधान-हमारा स्वाभिमान“ थीम के अन्तर्गत उत्सव के रूप मनाया जायेगा। उन्होनें कहा कि हर घर तिरंगा अभियान तीन चरणों में आयोजित किया जा रहा हैं। प्रथम चरण 2 से 8 अगस्त, द्वितीय चरण 9 से 12 अगस्त और तृतीय चरण 13 से 15 अगस्त 2025 तक आयोजित किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रथम चरण (2 से 8 अगस्त 2025) में स्कूलों की दीवारों और बोर्ड को तिरंगे से प्रेरित कला से सजाया जाएगा। स्कूल-कॉलेज और सार्वजनिक स्थानों पर तिरंगा रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया जायेगा। तिरंगा राखी बनाने की कार्यशालाओं और प्रतियोगिताओं के आयोजन के साथ ही सैनिकों और पुलिस कर्मियों को आभार पत्र लिखकर डाक से राखियां भेजी जाएंगी। इसी प्रकार द्वितीय चरण (9 से 12 अगस्त 2025) में तिरंगा महोत्सव के रूप में आयोजन किया जाएगा। इसमें 11 अगस्त को ब्लाक व जनपद स्तर पर वृहद तिरंगा मेले का आयोजन किया जायेगा, जिसमें समूह की महिलायें भी प्रतिभाग करेगी। इसी कड़ी में तृतीय चरण (13 से 15 अगस्त 2025) में सभी सरकारी भवनों, शैक्षणिक संस्थानों, होटल, कार्यालय, कोल्ड स्टोरेज, व्यावसायिक प्रतिष्ठान ,पेट्रोल पम्प, बैंक आदि स्थानों पर तिरंगा लाइटिंग व ध्वजारोहण समारोह का आयोजन किया जायेगा। इसी चरण में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस एवं कवि सम्मेलन का आयोजन किया जायेगा।
श्री अग्निहोत्री ने कहा कि जिला पंचायत राज अधिकारी, बेसिक शिक्षा अधिकारी व खण्ड विकास अधिकारी, अधिशासी अधिकारी अपने अधीनस्थों के माध्यमों से ग्राम पंचायत/नगर निकाय स्तर पर प्रभात रैली, ध्वजारोहण, व अच्छी लाइटिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करेगें। विद्यालयों व सरकारी भवनों पर ध्वजारोहण के पश्चात ध्वज को सम्मानपूर्वक सुरक्षित रखा जाये। कहा कि विद्यालयों पर ध्वज के साथ संवेदनहीनता पायी गई तो संबंधित क्षेत्रीय लेखपाल व शिक्षक एवं संबंधित कर्मचारी के विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही की जायेगी। हर घर पर तिरंगा 10 अगस्त से दिखाई देना चाहिए। सरकारी भवनों में साफ-सफाई की अच्छी व्यवस्था होनी चाहिए। गो-आश्रय स्थलों पर साफ-सफाई के साथ ही ध्वजारोहण व अच्छी सजावट की व्यवस्था सुनिश्चित की जाये। कहा कि जिस क्षेत्र में महापुरूष की मूर्ति स्थापित हैं, वहां पर साफ-सफाई की व्यवस्था पूर्ण होनी चाहिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रामकृपाल चौधरी, अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) आशीष कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार, जिला विकास अधिकारी नरेन्द्र देव द्विवेदी, उपायुक्त स्वतः रोजगार राजकुमार लोधी, परियोजना निदेशक डीआरडीए
रामऔतार, जॉइंट मजिस्ट्रेट/ उपजिलाधिकारी सदर/ सुश्री वैशाली आदि संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

