पटना की सडक़ों पर छात्रों पर बरसी पुलिस की लाठियां

‘‘एसटीईटी परीक्षा की मांग को लेकर प्रर्दशन कर रहे थे छात्र‘‘

नई दिल्ली। (आवाज न्यूज ब्यूरो)। बिहार के पटना सिटी में एसटीईटी की परीक्षा की मांग को लेकर सैकड़ों छात्र पटना की सडक़ों पर उतरे । इस बीच, छात्रों को सडक़ों से हटाने के लिए पुलिस को लाठियां भांजनी पड़ी।
इसमें कई छात्रों के घायल होने की भी खबर है। बताया जाता है कि शिक्षक भर्ती के लिए टीआरई-4 के पहले एसटीईटी आयोजित करने की मांग को लेकर बड़ी संख्या में छात्र आज पटना पहुंचे और आयोजित प्रदर्शन में शामिल हुए।
पटना कॉलेज से निकले छात्रों का जुलूस जैसे ही जेपी गोलंबर के पास पहुंचा, पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रोक दिया। पुलिस के अधिकारियों के मुताबिक कई बार प्रदर्शकारी छात्रों को सडक़ से हटने को कहा गया, लेकिन छात्र मानने को तैयार नहीं हुए। कुछ प्रदर्शनकारी जब आगे बढऩे की कोशिश करने लगे तो पुलिस ने उन्हें रोका। स्थिति बेकाबू होने लगी तो लाठी के बल पर प्रदर्शनकारियों को खदेड़ दिया। प्रदर्शनकारी छात्र-छात्राएं इस दौरान बिहार सरकार के खिलाफ जमकर नारे लगाए।
एसटीईटी की परीक्षा
प्रदर्शकारी छात्रों का कहना है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने टीआरई-4 और टीआरई-5 का ऐलान कर दिया है, जिनमें डोमिसाइल नीति लागू करने का आश्वासन दिया गया है। लेकिन, जिन छात्र-छात्राओं ने अभी तक टीईटी परीक्षा पास नहीं की है, वे इस अवसर से वंचित रह जाएंगे। छात्रों का कहना है कि पहले सरकार एसटीईटी की परीक्षा ले, जिससे इस परीक्षा में उत्तीर्ण छात्र-छात्राएं भी टीआरई दे सकें। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि बड़ी संख्या में शिक्षक की तैयारी करने वाले छात्र-छात्राएं हैं जो टीईटी पास नहीं हैं। उन्हें भी टीआरई-4 में मौका मिले, इसके लिए एसटीईटी कराना अनिवार्य है। प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना है कि सरकार पिछले डेढ़ साल से किसी भी एसटीईटी का आयोजन नहीं कर रही है। इसकी वजह से दो सत्र के लगभग पांच लाख बच्चे इस परीक्षा से वंचित रह रहे हैं। छात्रों ने कहा कि सरकार हम लोगों को छलना चाहती है और ठगना चाहती है।