यूपी की कानून व्यवस्था को लेकर विपक्ष का योगी सरकार पर तीखा प्रहार

‘‘मानसून सत्र का दूसरा दिन भी रहा हंगामेदार‘‘
‘‘सांप्रदायिक सौहार्द बिगडऩा सरकार का मोटिव : माता प्रसाद पांडेय‘‘
लखनऊ। (आवाज न्यूज ब्यूरो)।
यूपी विधानमंडल का मानसून सत्र के दूसरे दिन भी विपक्ष ने निशाने पर रही योगी सरकार। विपक्ष ने सदन में प्रश्नकाल के दौरान स्कूल मर्जर, फतेहपुर की घटना, शिक्षक भर्ती और पत्रकार सुरक्षा के मुद्दों पर सरकार से तीखे सवाल किए। सत्ता पक्ष की तरफ से संबंधित मंत्रियों ने उनके जवाब दिए। नेता प्रतिपक्ष के सवाल का जवाब देते हुए मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि सरकार इसका बिल्कुल समर्थन नहीं करती है। मामले में 10 लोगों के खिलाफ नामजद और 50 अज्ञात खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। सभी आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत दंड मिलेगा।
नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने फतेहपुर में मकबरे में हुए हंगामे की घटना को लेकर सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि एक पार्टी के नेता ने सात दिन पहले लोगों को आने का आह्वान किया। तय समय पर हंगामा किया। पुलिस उसको संभाल नहीं पाई। सरकार का यह मोटिव हो चुका है कि सांप्रदायिक सौहार्द बिगड़े। वहीं कानून व्यवस्था को लेकर विपक्ष ने सरकार को घेरा। उन्होंने हत्या, छेड़छाड़, दुष्कर्म और पुलिस के उत्पीडऩ के आंकड़े रखते हुए अपने सवाल पूछे। उन्होंने कहा कि हर जिले में पर्याप्त फोरेंसिक टीम नहीं है। ऐसे में कैसे आमजन को सुरक्षा मिलेगी। वहीं जलशक्ति मंत्री के बयान पर विधायक इमरान आक्रोशित हो उठे। उन्होंने कहा कि मंत्री झूठे बयान दे रहे हैं। आप फोन करके गांववालों से पूछ लीजिए, यदि पानी पहुंच रहा होगा तो मैं सदन से इस्तीफा दे दूंगा। उन्होंने योजना की जांच कराने की मांग की।
हर मंडल में फोरेंसिक लैब बनाने का लक्ष्य : खन्ना
कानून व्यवस्था के सवाल पर जवाब देते हुए मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि सैकड़ों मामलों में मिनिमम 22 दिन और अधिकतम 134 दिन के भीतर सजा हुई। इतनी जल्दी न्यायिक प्रक्रिया से किसी भी सरकार में सजा नहीं हुई। वर्तमान में प्रदेशभर में 12 फोरेसिंक लैब काम कर रही हैं। तीन जिलों में काम चल रहा है। बाकी तीन जिलों में जिस दिन जमीन मिल जाएगी, वहां भी फोरेंसिक लैब बना दी जाएगी। हर मंडल में फोरेंसिक लैब बनाने का लक्ष्य है।
बीबी की कसम खाकर बताइए : स्वतंत्र देव
जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि सपा विधायक इमरान अपनी बीबी की कसम खाकर बताइए कि आपके गांव में पानी नहीं पहुंच रहा है। इसका विपक्ष के नेताओं ने विरोध किया। मंत्री ने आगे कहा कि जिस कंपनी को ठेका दिया गया है, उसने लिखकर दिया है कि 90 फीसदी काम पूरा कर लिया गया है। यदि काम नहीं हुआ तो कंपनी के खिलाफ कार्रवाई करेंगे।
परिषदीय विद्यालयों के मर्जर पर विपक्ष ने सरकार को घेरा
सपा विधायक ने प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता और शिक्षक भर्ती का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि यदि व्यवस्था ठीक होती तो आज स्कूल मर्जर की जरूरत नहीं पड़ती। इससे पिछड़े और अनुसूचित जाति के बच्चों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने सवाल पूछा कि सरकार सरकारी स्कूलों में छह वर्ष की जगह चार वर्ष में बच्चों के नामांकन की व्यवस्था कराएगी या नहीं ? सरकार प्रदेश में शिक्षकों की भर्ती करेगी नहीं या नहीं?
सदन में गूंजी फतेहपुर की घटना, विपक्ष का वॉकआउट
सदन की कार्यवाही शुरू हो गई है। शुरुआत में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने फतेहपुर जिले में मकबरे में हिंदू संगठनों के हंगामे की खबर पर बहस की मांग की। इस पर विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना से आश्वासन मिला। विपक्ष के हंगामे और वाक आउट के बीच प्रश्नकाल और शोक संदेश पढऩे के साथ पहले दिन की कार्यवाही पूरी की गई।