जीएसटी वाले दीवाली गिफ्ट से लेकर पहली नौकरी पर रू 15 हजार तक, जानें लाल किले से पीएम मोदी के बड़े ऐलान

नई दिल्ली।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले की प्राचीर से अपना 11वां स्वतंत्रता दिवस भाषण दिया। पूरा देश आज 79वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। इस मौके पर पीएम मोदी ने कई बड़ी घोषणाएं कीं, जो आम लोगों की जिंदगी, रोजगार, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी हैं। इस दौरान पीएम मोदी ने देशवासियों के लिए कई योजनाओं की घोषणा की है। इन योजनाओं का असर नागरिकों की दैनिक जिंदगी से लेकर राष्ट्रीय सुरक्षा तक होगा।
प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना शुरू
युवाओं को पहली नौकरी मिलने पर सरकार की तरफ से रू 15,000 की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। यह योजना निजी क्षेत्र में नौकरी पाने वाले लड़के और लड़कियों दोनों के लिए है। सरकार का लक्ष्य है कि अगले 2 साल में 3.5 करोड़ से ज्यादा नौकरियां पैदा हों। इसके लिए रू1 लाख करोड़ का बजट रखा गया है।
जीएसटी में बड़े सुधार का ऐलान
पीएम मोदी ने कहा कि दिवाली पर जीएसटी की दरें काफी कम की जाएंगी। आम लोगों पर टैक्स का बोझ घटेगा। इसके लिए “नेक्स्ट जेनरेशन जीएसटी रिफॉर्म” की टास्क फोर्स बनाई जाएगी। पीएम मोदी के मुताबिक यह सुधार आम जनता की “डबल दिवाली” बनाएगा।
सुदर्शन चक्र मिशन : राष्ट्रीय सुरक्षा का नया कवच
यह एक पावरफुल वेपन सिस्टम होगा जो दुश्मन के हमलों को नष्ट करेगा और पलटवार भी करेगा। 2035 तक देश के सभी महत्वपूर्ण स्थानों को इस सुरक्षा कवच से ढकने का लक्ष्य है। यह सुरक्षा कवच समय के साथ और मजबूत व व्यापक होता जाएगा। श्रीकृष्ण से प्रेरणा लेकर इसका नाम “सुदर्शन चक्र” रखा गया है।
पीएम धनधान्य कृषि योजना
100 ऐसे जिलों को चुना गया है जहां खेती कमजोर है। इन जिलों में खेती को बेहतर बनाने के लिए विशेष योजना लागू की जाएगी। मछुआरों और पशुपालकों के हितों की रक्षा के लिए सरकार सख्ती से खड़ी है।
ज्ञान भारतम योजना
भारत की सभी भाषाओं को बढ़ावा देने और संरक्षित करने पर जोर। हस्तलिखित ग्रंथ, पांडुलिपियां और पुराने दस्तावेज तकनीक की मदद से सुरक्षित किए जाएंगे। उद्देश्य है कि भाषा और ज्ञान को दुनिया के सामने लाया जाए।
हाई पावर्ड डेमोग्राफी मिशन
पीएम मोदी ने कहा कि देश की जनसंख्या संरचना बदलने की साजिश हो रही है। घुसपैठिए युवाओं की नौकरियां और बहन-बेटियों की सुरक्षा के लिए खतरा हैं। आदिवासियों की जमीन पर कब्जा रोकने और घुसपैठ को खत्म करने के लिए यह मिशन शुरू होगा