गणेश विसर्जन पर हाई-फाई डीजे बजाने पर पुलिस की सख्ती

फर्रुखाबाद। (आवाज न्यूज ब्यूरो)।  गणेश महोत्सव की धूमधाम के बीच फर्रुखाबाद में गणेश विसर्जन यात्राओं पर पुलिस की सख्ती ने विवाद खड़ा कर दिया है। रेलवे रोड क्षेत्र में पुलिस ने विसर्जन यात्रा को रोकते हुए डीजे बंद करा दिया, जिसके बाद भक्तों ने हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस की इस कार्रवाई को भक्तों ने धार्मिक भावनाओं का अपमान बताया और प्रशासन पर भेदभाव के आरोप लगाए।
रेलवे रोड स्थित ओम साईं मंदिर से गणेश प्रतिमा विसर्जन यात्रा गंगा तट की ओर जा रही थी। भक्त डीजे की धुन पर झूमते हुए आगे बढ़ रहे थे कि तभी चौकी इंचार्ज राहुल सिहं ने यह कहते हुए यात्रा रोक दी कि आयोजकों के पास प्रशासन की अनुमति नहीं है। डीजे गाड़ी बंद करा दी गई और आगे बढ़ने से मना कर दिया गया। श्रद्धालु इस व्यवहार से भड़क उठे और मौके पर जमकर हंगामा हुआ। इसी दौरान रेलवे स्टेशन के पास सौरव सक्सेना द्वारा स्थापित प्रतिमा की विसर्जन यात्रा भी निकली। लेकिन रेलवे रोड पहुंचते ही पुलिस ने इसे भी रोक दिया और डीजे बंद कराने के बाद यात्रा को आगे बढ़ने दिया।
मामले पर चौकी इंचार्ज राहुल सिहं ने बताया कि गणेश विसर्जन यात्रा में हाई-फाई डीजे बजाने एंव उल्टे-सीधे नारे लगाने पर रोक है। भक्त गणों से अपील है कि वह भगवान के ही नारे लगाएं।