बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में दिनांक 06 एवं 07 सितम्बर को आयोजित होनी वाली आगामी प्रारम्भिक अर्हता परीक्षा-2025 (पीईटी) को सकुशल, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने जाने हेतु बैठक सम्पन्न हुई ।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि प्रारम्भिक अर्हता परीक्षा-2025 (पीईटी) 06 सितम्बर (शनिवार) व 07 सितम्बर (रविवार) को प्रत्येक दिवस में दो पाली प्रथम पाली प्रातः 10 से 12 बजे तक व द्वितीय पाली अपरान्ह 03 से 05 बजे तक निर्धारित हैं। प्रथम पाली में प्रातः 08 बजे से 09ः30 तक तथा द्वितीय पाली में अपरान्हन 01 बजे से 02ः30 बजे तक ही परीक्षार्थियों को केन्द्र में प्रवेश मिल सकेगा। प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर एक सेक्टर मजिस्ट्रेट, एक स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई हैं। जनपद में कुल 17 परीक्षा केन्द्रों पर प्रथम पाली व द्वितीय पाली में अलग-अलग दिनांक 6 व 7 सितम्बर 2025 (शनिवार व रविवार) को आयोजित की जा रही हैं, जिसमें कुल 26946 परीक्षार्थी प्रतियोगी परीक्षा में प्रतिभाग करेगें।
जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षार्थियों द्वारा परीक्षा केन्द्र पर किसी भी तरह के मोबाइल फोन, टैबलेट, पैन ड्राइव, हार्ड डिस्क, डेटा कार्ड, कैलकुलेटर, ब्लूटूथ डिवाइस, इयर फोन, कलाई घडी, एटीएम कार्ड, कोई विद्युत सामग्री या तार, कोई भी सामग्री जो धातु से बनी हो, कान में लगी किसी भी तरह की मशीन, कागज पर बनी सारणी ग्राफ, रूल्स आदि इलेक्ट्रानिक डिवाइस को लेकर परीक्षा केन्द्र में जाने की अनुमति नही होगी। परीक्षा कक्ष, प्रवेश द्वार व कन्ट्रोल रूम सीसीटीवी की निगरानी में होगा। सम्पूर्ण परीक्षा सीसीटीवी की निगरानी में सम्पन्न करायी जायेगी। सीसीटीवी की निगरानी में गोपनीय सामग्री ट्रंक एवं सील की जायेगी। प्रत्येक पाली के लिये अलग-अलग कलर के डेस्क स्लिप चस्पा होगी। उन्होनें सेक्टर मस्ट्रिट एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट को निर्देश दिये कि परीक्षा तैयारियों का पहले से भ्रमण कर लिया जाये। परीक्षा केन्द्र पर फर्नीचर, ईंधन, इन्वर्टर/जनरेटर, शौचालय आदि की व्यवस्था अच्छी होनी चाहिए। परीक्षा केन्द्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की व्यवस्था सुनिश्चित की जायेगी।
बैठक में पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार, अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) आशीष कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार, प्रशिक्षु आई0ए0एस0 अर्पित कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक पप्पू सरोज सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

