लखनऊ।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए उनका पुतला फूंका। यह विरोध प्रदर्शन बुधवार देर रात लखनऊ के पार्क रोड स्थित विधायक निवास के सामने हुआ। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि मंत्री ने एबीवीपी पदाधिकारियों के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी की है, जिससे वे बेहद नाराज हैं।
एबीवीपी का आरोप और मांग
एबीवीपी के पदाधिकारियों ने कहा कि एक संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति का देश के सबसे बड़े छात्र संगठन के खिलाफ ऐसी ओछी टिप्पणी करना उनकी मानसिकता को दर्शाता है। कार्यकर्ताओं ने मंत्री से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की। इस दौरान प्रदर्शनकारी काफी देर तक “ओमप्रकाश राजभर मुर्दाबाद” के नारे लगाते रहे। इस विरोध प्रदर्शन में विकास तिवारी, जतिन शुक्ला, अमन दुबे, शिवम सिंह सहित बड़ी संख्या में एबीवीपी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे।
सुभासपा की प्रतिक्रिया
इस घटना पर सुभासपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण राजभर ने एक वीडियो जारी कर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ अराजक तत्वों ने मंत्री के आवास पर पत्थर फेंके और उनके साथ गाली-गलौज की। उन्होंने इस व्यवहार को “गुंडागर्दी” बताते हुए कहा कि एक अति-पिछड़े वर्ग के नेता के साथ इस तरह का व्यवहार उचित नहीं है। उन्होंने प्रशासन से ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
गुंडा कहने पर एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने फूंका ओपी राजभर का पुतला

