बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सम्पन्न हुई।
बैठक में जिलाधिकारी ने सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी को निर्देश दिए कि सड़क सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए “नो हेलमेट-नो पेट्रोल” जागरूकता अभियान निरन्तर चलाएं जाएं और लोगों को जागरूक किया जाए कि हेलमेट एक जीवन रक्षा कवच है, यह सिर्फ जुर्माने से बचने के लिए नहीं, बल्कि खुद की और दूसरों की जान बचाने में सहायक है। पेट्रोल पंपों पर बिना हेलमेट पेट्रोल न दिए जाने की कड़ी निगरानी की जाए। यह भी निर्देश दिए कि अब तक कितने लोगों को बिना हेलमेट के पेट्रोल पम्पों में पेट्रोल से वंचित किया गया और कितनों को लौटाया गया, इसकी स्पष्ट सूची तैयार कर उपलब्ध कराई जाए। इस पूरे कार्य में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य आम नागरिकों, विशेषकर युवाओं में हेलमेट पहनने की आदत को अनिवार्य और स्वाभाविक बनाना है। बिना हेलमेट दोपहिया वाहन के चालान की कार्रवाई प्रॉपर होनी चाहिए।स्कूलों में जागरूकता रैली व नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से हेलमेट पहनने का संदेश दिया जाये तथा छात्रों को शपथ दिलाई जाएं कि वे स्वयं हेलमेट पहनेंगे और अपने परिवार व दोस्तों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे। कहा कि पोस्टर, बैनर, होर्डिंग और सोशल मीडिया कैंपेन के माध्यम से भी प्रेरक संदेश व्यापक रूप से फैलाया जाएगा।
जिलाधिकारी ने मेहदीघाट से नेशनल हाईवे तक के मार्ग को सही कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी टी-प्वाइंट्स पर लगे साइनबोर्ड पर दिशा और दूरी की स्पष्ट जानकारी अंकित होनी चाहिए ताकि आमजन को यातायात में सुविधा हो और भ्रम की स्थिति न बने। बैठक में संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
