कन्नौज: खण्ड स्नातक और शिक्षक निर्वाचक नामावली के पुनरीक्षण का कार्यक्रम जारी

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)।  जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में अर्हता तिथि 01नवम्बर 25 के आधार पर विधान परिषद के खण्ड स्नातक एवं खण्ड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावली के पुनरीक्षण के संबंध में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक सम्पन्न हुई।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा पुनरीक्षण कार्यक्रम जारी कर दिया गया हैं जिसमें–सार्वजनिक नोटिस जारी (नियम 31(3)) : 30.09.2025, समाचार पत्रों में प्रथम पुनर्प्रकाशन (नियम 31(4)) : 15.10.2025, समाचार पत्रों में द्वितीय पुनर्प्रकाशन (नियम 31(4)) : 25.10.2025, फार्म-18 या 19 में आवेदन की अंतिम तिथि : 06.11.2025, पांडुलिपियों की तैयारी एवं आलेख्य निर्वाचक नामावलियों का मुद्रण : 20.11.2025, आलेख्य निर्वाचक नामावलियों का प्रकाशन : 25.11.2025, दावे और आपत्तियां दाखिल करने की अवधि (नियम 12) : 25.11.2025 से 10.12.2025 तक, दावे/आपत्तियों का निस्तारण एवं अनुपूरक सूची का मुद्रण : 25.12.2025, निर्वाचक नामावलियों का अंतिम प्रकाशन : 30.12.2025 होना है

उन्होंने कहा कि स्नातक निर्वाचन क्षेत्र हेतु पात्रता इस प्रकार है – आवेदक कम से कम 03 वर्ष पूर्व से किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय का स्नातक (या समकक्ष अर्हता) हो तथा संबंधित निर्वाचन क्षेत्र का सामान्य निवासी हो। 03 वर्ष की गणना उस तिथि से होगी, जिस दिन विश्वविद्यालय या संबंधित प्राधिकारी ने परीक्षा परिणाम घोषित किया। आवेदन (प्रपत्र-18) के साथ शैक्षिक योग्यता का दस्तावेजी प्रमाण प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। राजपत्रित अधिकारी द्वारा प्रमाणित डिग्री अथवा अंकपत्र पर्याप्त प्रमाण माना जाएगा।

उन्होंने कहा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र हेतु अर्हता तिथि (01.11.2025) से पूर्व के 06 वर्षों में से न्यूनतम 03 वर्ष तक किसी शिक्षण संस्थान में अध्यापन कार्य किया होना आवश्यक है। इसके लिए जिला विद्यालय निरीक्षक से प्रमाण पत्र प्राप्त कर प्रतिहस्ताक्षरित होना चाहिए। पंजीकरण का निर्धारण आवेदक के निवास स्थान के आधार पर होगा, न कि कार्यस्थल के आधार पर। कहा कि थोक में प्रस्तुत किए गए आवेदन पत्र (स्वयं अथवा डाक द्वारा) स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) देवेन्द्र सिंह, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी विनीत कटियार सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।