कन्नौज: स्वास्थ्य सेवाओं की डीएम ने की मासिक समीक्षा

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में दिनांक 05 सितम्बर से 31अक्टूबर तक विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान व यूविन पोर्टल तथा आयुष्मान कार्ड के संबंध में बैठक सम्पन्न हुई।

बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि संचारी रोग नियंत्रण अभियान व सेवा पखवाड़ा के अन्तर्गत स्वच्छता के कार्यक्रम प्रतिदिन चलाये जाये। नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता के दौरान संवाद कार्यक्रम भी आयोजित किये जाये। संवाद कार्यक्रम के माध्यम से सफाई के विषय में जागरूक किया जाये, जिससे प्रेरित होकर लोग सफाई पर ध्यान दें। उन्होनें कहा कि साफ-सफाई एवं झाड़ियों की सफाई के साथ ही फॉगिंग पर भी जोर दिया जाये, जिससे बीमारियां न पनपने पाये।

जिलाधिकारी ने कहा कि पंचायती राज विभाग के पास 56 फॉगिंग की मशीने हैं, जो सभी क्रियाशील होनी चाहिए। फॉगिंग हेतु रोस्टर बनाकर टीम गठित की जाये। जिन ग्राम पंचायतों में डेंगू आदि के ज्यादा मरीज है, उन ग्राम पंचायतों को प्राथमिकता दी जाये। उन्होनें कहा कि मच्छरों के प्रजनन एवं घनत्व की स्थिति की सतत निगरानी की जाये। वितग वर्ष के आकड़ों के आधार पर निर्धारित हाई रिस्क एरिया तथा संचारी रोग अभियान में पायी गई अधिक घनत्व वाले मच्छरों के क्षेत्र में अन्तर्विभागीय सहयोग के साथ सघन वाहक/मच्छर नियंत्रण गतिविधियां करायी जाये। मच्छरों के प्रजनन पर रोक तथा मच्छरों के काटने से बचाव के उपायों के विषय में आशा, आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों के माध्यम से जानकारी उपलब्ध करायी जाये।

श्री अग्निहोत्री ने कहा कि यूविन पोर्टल पर गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों की फीडिंग शत-प्रतिशत होनी चाहिए। उन्होनें परिवार नियोजन के अन्तर्गत कन्नौज एंव छिबरामऊ की खराब प्रगति पर नाराजगी व्यक्त की, वहीं सौरिख व गुगरापुर का अच्छा कार्य मिलने पर प्रसंशा की। उन्होनें कहा कि आयुष्मान कार्ड बनाये जाने के कार्य में गति लायी जाये। कोई भी पात्र लाभार्थी आयुष्मान कार्ड योजना से वंचित नही रहना चाहिए। 

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रामकृपाल चौधरी, प्रशिक्षु आईएएस अर्पित कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा0 स्वदेश गुप्ता, जिला विकास अधिकारी नरेन्द्र देव द्विवेदी आदि संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।