कन्नौज : समाज कल्याण मंत्री ने दो महाविद्यालयों के छात्रों को बांटे टेबलेट

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। उत्तर प्रदेश के समाज कल्याण मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने पं0 सुंदरलाल मेमोरियल स्नातकोत्तर महाविद्यालय में स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के अंतर्गत आयोजित टेबलेट वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इस अवसर पर मा० मंत्री जी ने स्नातक स्तर पर अध्ययनरत 358 विद्यार्थियों को टेबलेट वितरित किए।

मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार युवाओं को डिजिटल युग में आगे बढ़ाने के लिए संकल्पित है। उन्होंने कहा कि इस योजना का उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक से जोड़ना, ऑनलाइन अध्ययन को प्रोत्साहित करना तथा शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाना है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे इस डिजिटल साधन का उपयोग अपने ज्ञान, कौशल और व्यक्तित्व विकास के लिए करें।

मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का संकल्प वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का है, भारत विश्व का सबसे युवा देश है जिसमें युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शिक्षा, रोजगार एवं कौशल विकास के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि यह टैबलेट विद्यार्थियों के लिए ज्ञान अर्जन का सशक्त माध्यम बनेगा, जिससे हर प्रश्न का उत्तर मिल सकेगा। नई तकनीक के प्रयोग से शिक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व क्रांति आई है और आने वाला समय और भी रोचक होने वाला है। उन्होंने शिक्षकों से कहा कि अध्यापन में नई तकनीक का उपयोग करें, ताकि विद्यार्थी आधुनिक शिक्षा पद्धति से लाभान्वित हो सकें।

उन्होंने कहा कि छात्रों को छात्रवृत्ति वितरण, महिला सशक्तिकरण, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना सहित प्रत्येक क्षेत्र में सरकार हर संभव सहयोग कर रही है ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के अंतर्गत 05 लाख रुपए तक का ब्याज मुक्त ऋण लेकर खुद का स्वरोजगार खड़ा कर सकते हैं। उद्यमिता की ओर हमारे बेटे/बेटियां कैसे आगे बढ़े, इसमें भी ध्यान देना होगा। 

उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे अपने जीवन का लक्ष्य तय करें और आने वाले पाँच वर्षों की स्पष्ट योजना बनाएं। सरकार आपके सपनों को उड़ान देने के लिए सदैव तत्पर है। उन्होंने मुख्यमंत्री अभ्युदय कोचिंग योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि जो छात्र यूपीएससी, नीट आदि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करना चाहते हैं, वे इस निःशुल्क योजना का लाभ अवश्य लें।

इस अवसर पर पार्टी जिलाध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा युवाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के उद्देश्य से टेबलेट वितरण एक सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि यदि विद्यार्थी इसका उपयोग सही दिशा में करेंगे तो वे निश्चित रूप से अपने सपनों को साकार कर सकेंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित और आत्मनिर्भर बनाने के लिए स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग को बढ़ावा देना होगा।

 विनीता देवी महिला महाविद्यालय, बैसापुर पट्टी में मंत्री ने एक पेड़ माँ के नाम 2.0 अभियान के तहत आम का पौधा रोपित किया तथा स्नातक स्तर पर अध्ययनरत 100 छात्राओं को टेबलेट वितरित किए।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य, शिक्षण स्टाफ तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहीं।