कन्नौज : नारी सशक्तिकरण थीम पर साइकिल रैली को सीडीओ ने दिखाई हरी झंडी

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज। ।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। मुख्य विकास अधिकारी रामकृपाल चौधरी ने  “नारी सशक्तिकरण” थीम पर आयोजित साइकिल रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस रैली में जनपद की विभिन्न शिक्षण संस्थाओं की 300 से अधिक बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि नारी सशक्तिकरण समाज की प्रगति की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि बालिकाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के समान अवसर मिलना ही सशक्त भारत का प्रतीक है। इस प्रकार की रैली से न केवल जनजागरूकता बढ़ती है, बल्कि बालिकाओं में आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का भी विकास होता है।

यह साइकिल रैली विनोद दीक्षित हॉस्पिटल से प्रारंभ होकर के.के. इंटर कॉलेज में सम्पन्न हुई। रैली के दौरान “बेटी बचाओ – बेटी पढ़ाओ”, “शिक्षित नारी, सशक्त नारी” जैसे नारों से वातावरण गुंजायमान रहा।

रैली में जिला विकास अधिकारी नरेंद्र देव द्विवेदी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, डी.सी. (संग्रह शिक्षा), विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

मुख्य विकास अधिकारी ने प्रतिभाग करने वाली सभी बालिकाओं की सराहना करते हुए कहा कि आज की यह रैली नारी सम्मान और समानता के प्रति समाज में सकारात्मक संदेश देने का कार्य करेगी।