बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, लखपति दीदी योजना एवं पीएम सूर्य घर, की बैठक सम्पन्न हुई।
जिलाधिकारी ने सीएम युवा उद्यमी योजना के क्रियान्वयन, लाभार्थियों की चयन प्रक्रिया और लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कहा कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में 1700 लक्ष्य के सापेक्ष सप्ताहिक प्रगति में बैंकों द्वारा 727 आवेदन स्वीकृत किए गए एवं 646 लाभार्थियों को लोन वितरण कर लाभांवित किया गया है। उन्होनें निर्देश दिए कि बैंकों में कोई भी आवेदन लंबित नहीं रहना चाहिए, अन्यथा संबंधित की जिम्मेदारी तय की जाएगी। कहा कि उपायुक्त उद्योग एवं एलडीएम बैंकों में जाकर आवेदनों का रिजेक्ट होने के कारण देखे और वस्तु स्थिति से अवगत कराएं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना सरकार की महत्वकांक्षी योजना है। यह योजना युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
बताया गया कि स्वयं सहायता समूह में आरएफ में 884 लक्ष्य के सापेक्ष 477 व सीआईएफ में 515 के सापेक्ष 426 तथा सीसीएल में 3780 के सापेक्ष 2621 समूह पर कार्य प्रगति पर हैं, जिस पर जिलाधिकारी ने कहा कि लखपति दीदी योजना के अन्तर्गत चिन्हित महिलाओं को गुणवत्तापरक प्रशिक्षण देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाये।
बताया गया कि पीएम सूर्य घर योजना के अन्तर्गत विगत 01 माह में 147 सोलर संयत्र स्थापित कराये गये हैं। विद्युत विभाग द्वारा 10 आवेदन विद्युत अधिभार के लिये तथा 9 आवेदन नेट मानीटरिंग के लिये प्राप्त हुये है। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारी को निर्देश दिये कि लंबित आवेदनों पर कार्यवाही पूर्णकर योजना से आच्छादित करें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रामकृपाल चौधरी, उपायुक्त एनआरएलएम राजकुमार लोधी, उपायुक्त उद्योग धन्नजय सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

