स्वामी विवेकानन्द का बढ़ा वीपी देख दिलवाई एक माह की दवाई
बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज:(आवाज न्यूज ब्यूरो)। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में सदर तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन सम्पन्न हुआ। संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 118 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 12 शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही किया गया, शेष शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश प्रदान किए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि पिछले तहसील दिवस की शिकायतें पेंडिंग न रहना एक सकारात्मक संकेत है। इसी प्रकार आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर भी विशेष फोकस किया जाए। उन्होंने कहा कि 10 से 12 शिकायतों के असंतोषजनक निस्तारण के कारण जनपद की रैंकिंग में कमी आई है, जिसे शीघ्र सुधारने की आवश्यकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि शिकायतकर्ता से सीधा संपर्क कर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए तथा फोटो साक्ष्य अपलोड किए जाएं ताकि पारदर्शिता बनी रहे।
जनसुनवाई के दौरान फरियादी स्वामी विवेकानंद एवं महेश चंद्र को अस्वस्थ महसूस होने पर जिलाधिकारी ने तत्काल स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए गए कैंप के डॉक्टरों से अपने समक्ष चिकित्सा परीक्षण कराया। परीक्षण में दोनों का ब्लड प्रेशर एवं पल्स रेट अधिक पाया गया, उन्होंने निर्देश दिए कि उन्हें एक माह की आवश्यक दवाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएं, साथ ही स्वास्थ्य विभाग द्वारा उनकी नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को यह भी निर्देश दिए कि स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता एवं गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए। किसी भी मरीज को अस्पताल से निराश होकर वापस नहीं लौटना चाहिए। प्रत्येक रोगी को समय से उचित उपचार एवं सहयोग मिले, ऐसी स्वास्थ्य विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
उन्होने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है, अतः सभी विभागाध्यक्ष यह सुनिश्चित करें कि प्राप्त शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध, संतोषजनक एवं प्रभावी ढंग से किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी फरियादी को अनावश्यक रूप से भटकना न पड़े और उसकी समस्या का समाधान यथाशीघ्र एवं मानवीय दृष्टिकोण से किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि “समर्थ उत्तर प्रदेश-विकसित उत्तर प्रदेश @2047” अभियान में कन्नौज जनपद 9वें स्थान पर है, जिसमें शिक्षा विभाग की भूमिका सराहनीय रही है। जिलाधिकारी ने कहा कि इसी प्रकार कार्यक्रम विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग भी इस अभियान के अंतर्गत जनता से अधिकाधिक सुझाव प्राप्त करें, ताकि विकास योजनाओं में जनसहभागिता बढ़े।
श्री अग्निहोत्री ने निर्देश दिए कि त्योहारों के दृष्टिगत कर्मचारियों को वेतन, बोनस एवं एरियर समय से प्रदान किए जाएं, और जो भी योजनागत धनराशि है, उसे डीबीटी के माध्यम से समय से ट्रांसफर किया जाए। उन्होंने कहा कि दीपावली से पूर्व सभी पात्र लाभार्थियों को राशन वितरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होने यह भी निर्देश दिए कि मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत नारी सुरक्षा, स्वावलंबन एवं सशक्तीकरण के लिए सभी विभाग अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं तथा अधिकाधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करें।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान के तहत सभी विभाग ग्राम पंचायतों में जाकर नारी सुरक्षा एवं सशक्तीकरण से संबंधित जागरूकता कार्यक्रम करने के साथ- साथ लोगों की समस्याओं को सुनें और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करें। उन्होंने कहा कि जिस गांव में जाना हो, उसका पूर्व नियोजन किया जाए और उसी के अनुसार सक्रियता के साथ कार्य किया जाए ताकि बेहतर परिणाम प्राप्त हो सके।
संपूर्ण समाधान दिवस में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 स्वदेश गुप्ता, प्रभागीय वनाधिकारी हेमंत सेठ, उप जिलाधिकारी सदर/ज्वांइट मजिस्ट्रेट सुश्री वैशाली, प्रशिक्षु आई0ए0एस0 अर्पित कुमार, जिला विकास अधिकारी नरेंद्र देव द्विवेदी, परियोजना निदेशक डीआरडीए राम अवतार सिंह, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी अनिल कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार सहित जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।