कन्नौज: आईटीआई छिबरामऊ में सम्पन्न हुआ दीक्षांत समारोह

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। आज राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, छिबरामऊ-कन्नौज (स्थित-ग्राम रसूलाबाद तालग्राम) में भव्य दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि क्षेत्र की विधायक अर्चना पांडेय रहीं। समारोह का शुभारम्भ मुख्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ सम्पन्न हुआ। तत्पश्चात् नोडल प्रधानाचार्य अनुज कुमार मौर्य ने बताया कि संस्थान के कई प्रशिक्षु प्रतिष्ठित संस्थानों जैसे सीएसआईआर, बार्क तथा विभिन्न निजी कंपनियों में चयनित हुए हैं। विशेष रूप से आर्टिजन ट्रेड की राज्य स्तरीय टॉपर प्रशिक्षु प्रियंका ने राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान छिबरामऊ एवं जनपद में प्रथम स्थान पाकर संस्थान का गौरव बढ़ाया है। जनपद के अन्य राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, कन्नौज से आकांक्षा गौतम, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, तिर्वा से वंशिका ठाकुर एवं राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान सौरिख से आकाश शाक्य ने प्रथम स्थान पाया। प्रधानाचार्य संजीव कुमार पाल द्वारा कार्यक्रम में टाटा टेक्नॉलाजो द्वारा स्थापित टीटीएल लैब एवं कौशलम् केन्द्र की भी जानकारी दी गई। इसमें उन्नत तकनीकी प्रशिक्षण के माध्यम से युवाओं को उद्योग जगत की मांग के अनुरूप तैयार किया जा रहा है। मुख्य अतिथि अर्चना पांडेय ने अपने उद्बोधन में प्रशिक्षुओं को जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया और कहा कि कौशल विकास ही आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने आईटीआई की उपलब्धियों की सराहना करते हुए प्रशिक्षार्थियों से देश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में मेधावी प्रशिक्षुओं को प्रमाणपत्र एवं पुरस्कार वितरित किए गए। प्रशिक्षु प्रियंका ने प्रधानाचार्य, अनुदेशकगण एवं टाटा की ओर से मिले अवसरों के लिए आभार व्यक्त किया। उक्त कार्यक्रम में अभिभावकों के साथ संस्थानों के प्रशिक्षार्थी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अन्त में प्रधानाचार्य छिबरामऊ संजीव पाल ने आये हुये सभी अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुये कार्यक्रम का समापन किया। इस कार्यक्रम में जनपद के समस्त कार्यदेशक, समस्त अनुदेशक, अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।