बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। जिले के ठठिया थाना क्षेत्र के खैरनगर में उत्तर प्रदेश के पूर्व डीजीपी स्वर्गीय श्रीराम अरुण की सातवीं पुण्यतिथि पर एक विशाल जनसभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इस सभा का आयोजन स्वर्गीय श्रीराम अरुण के पुत्र और समाज कल्याण राज्यमंत्री असीम अरुण ने किया। कन्नौज, फर्रुखाबाद और कानपुर देहात जिले के सभी भाजपा विधायक, जिलाध्यक्ष और सभी प्रमुख नेता भी इस आयोजन को सफल बनाने में मौजूद रहे।
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने स्वर्गीय श्रीराम अरुण को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने जिले में कई महत्वपूर्ण योजनाओं का लोकार्पण भी किया।
इनमें खैरनगर और मानीमऊ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त अस्पताल के रूप में समर्पित करना शामिल है। ये दोनों स्वास्थ्य केंद्र एचडीएफसी बैंक के सीएसआर फंड से दिए जा रहे धन से उच्चीकृत किये जा रहे है। साथ ही, खैरनगर में समाज कल्याण विभाग 65 लाख की लागत से एक विशाल और सभी सुविधाओं से युक्त बारात घर का निर्माण करा रहा है आज इसका भी बटन दवाकर शिलान्यास किया गया।
शुद्ध कनौजिया भाषा में बोलते हुए डिप्टी सीएम ने कन्नौज से अपने पुराने सम्बन्धो को ताजा किया और कहा कि बचपन से उनका कन्नौज आना जाना रहा है वे बस से उतरकर तांगे पर बैठकर अपनी बुआ के घर जाया करते थे। अपने संबोधन में उपमुख्यमंत्री ने लोगों को भरोसा दिलाया कि किसी भी व्यक्ति को आवश्यकता पड़ने पर वे उनसे किसी भी समय अपने बेटे की तरह संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने सभी उपस्थित लोगों का आभार भी व्यक्त किया।

