बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। तिर्वा स्थित बाल विकास परियोजना कार्यालय में पिछले 20 साल से अधिक समय से बिजली कनेक्शन नहीं है। वर्ष 2000 में निर्मित इस कार्यालय में बिजली न होने से कर्मचारियों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
कार्यालय में बिजली से चलने वाले पंखे लगे हैं, लेकिन कनेक्शन न होने के कारण वे केवल शोपीस बनकर रह गए हैं। गर्मियों में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की बैठकें बिना पंखों के ही होती हैं, जिससे उन्हें असहजता होती है। सुपरवाइजर शशिकांता ने बताया कि बिजली व्यवस्था न होने से कर्मचारियों को काफी दिक्कतें आती हैं।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि बिजली कनेक्शन के लिए कई बार आवेदन किया जा चुका है, लेकिन अभी तक कनेक्शन नहीं मिल पाया है। कनेक्शन न मिलने का कारण स्पष्ट नहीं है। यह कार्यालय बाल पुष्टाहार विभाग से संबंधित है।
जहां सुपरवाइजर और सीडीपीओ द्वारा समय-समय पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की बैठकें ली जाती हैं। दो दशकों से अधिक समय बीत जाने के बाद भी इस मूलभूत सुविधा का अभाव अधिकारियों की अनदेखी को दर्शाता है।

