बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। उप मुख्यमंत्री डॉ. बृजेश पाठक ने समाज कल्याण मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण के स्वर्गीय पिताजी श्रीराम अरुण की सप्तम पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम में सहभागिता की।उप मुख्यमंत्री डॉ. बृजेश पाठक ने आज समाज कल्याण मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण के स्वर्गीय पिताजी श्रीराम अरुण की सप्तम पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। यह कार्यक्रम नॉर्थ स्टार स्कूल, खैरनगर, कन्नौज में आयोजित किया गया।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने स्व० श्रीराम अरुण को नमन करते हुए कहा कि उन्होंने अपने जीवनकाल में ईमानदारी, निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ सेवा कार्य किए। वे एक आदर्श अधिकारी रहे, जिनका नाम पुलिस विभाग में अत्यंत सम्मान के साथ लिया जाता है। उन्होंने अपने पूरे जीवनकाल में पुलिस सुधार के लिए अथक प्रयास किए। वर्तमान सरकार उनके सपनों को साकार करने की दिशा में कार्य कर रही है।
उप मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि स्व० श्रीराम अरुण जैसे कर्मयोगी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने आगे कहा कि मंत्री असीम अरुण अपने पिता के पदचिह्नों पर चलते हुए समाज सेवा और जनकल्याण के कार्यों में निरंतर अग्रसर हैं। उन्होंने जल, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं को आमजन तक पहुँचाने में उल्लेखनीय कार्य किया है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जनता की सेवा के लिए निरंतर तत्पर है और कानून-व्यवस्था के क्षेत्र में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। आज प्रदेश में महिलाएँ और माताएँ सुरक्षित एवं निडर होकर अपने कार्यस्थलों और गंतव्यों तक जा सकती हैं।
कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री ने बटन दबाकर 65 लाख रुपये की लागत से बनने वाले सामुदायिक केंद्र बारात घर का शिलान्यास किया तथा 5 टी.बी. रोगियों को पोषण पोटली एवं 10 वरिष्ठ नागरिकों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए।
अपने संबोधन में समाज कल्याण मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने कहा कि यह उनके लिए गर्व का क्षण है कि पिताजी की पुण्यतिथि पर इतने लोग उन्हें श्रद्धांजलि देने एकत्र हुए हैं। उन्होंने बताया कि पिता जी ने अपने जीवनकाल में पुलिस व्यवस्था पर 7 पुस्तकें लिखीं तथा एक पुस्तक में आत्मकथा भी प्रकाशित की। वे मात्र 21 वर्ष की आयु में भारतीय पुलिस सेवा (आई.पी.एस.) में चयनित हुए और अपने कार्यकाल में ईमानदारी, सख़्ती और संवेदनशीलता का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत किया।
उन्होंने कहा कि खैरनगर और मानीमऊ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का एचडीएफसी बैंक द्वारा सीएसआर फण्ड से उच्चीकरण कार्य कराया गया है। समाज कल्याण विभाग द्वारा ₹65 लाख की लागत से खैरनगर में समुदायिक केंद्र बारात घर का निर्माण कराया जाएगा, जिससे स्थानीय लोगों को आवश्यक सुविधाएँ प्राप्त होंगी।
कार्यक्रम में विधायक तिर्वा कैलाश राजपूत, विधायक छिबरामऊ अर्चना पांडेय, भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया सहित अनेक जनप्रतिनिधिगण, अधिकारीगण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने स्व० श्री राम अरुण जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
इससे पूर्व उप मुख्यमंत्री डॉ. बृजेश पाठक ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, खैरनगर का फीता काटकर उद्घाटन किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि सभी स्वास्थ्य सेवाएँ सुचारू रूप से संचालित हों। किसी भी दवा की समाप्ति तिथि से पूर्व उसकी डिमांड 15 दिन पहले भेजी जाए और अस्पताल परिसर में स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाए। इसके पश्चात् उन्होंने “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर विधायक तिर्वा कैलाश राजपूत, जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री, पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार, पार्टी जिला अध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया, मुख्य विकास अधिकारी रामकृपाल चौधरी सहित संबंधित अधिकारी व जन प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।

