कन्नौज : डयूटी करने जा रहे वाहनों को अनावश्यक परेशान न करें एनएचआई अफसर: डीएम

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में सड़क सुरक्षा, यातायात व्यवस्था एवं जनसुविधा से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी को निर्देश दिए कि यू०पी० इंटरनेशनल ट्रेड शो–2025 (स्वदेशी मेला) का भव्य आयोजन 18 अक्टूबर 2025 तक के०के० इंटर कॉलेज खेल मैदान (बोर्डिंग ग्राउण्ड) में किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर जनमानस को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने हेतु गोष्ठी, रैली, नुक्कड़ नाटक तथा प्रदर्शनी जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, ताकि अधिक से अधिक लोग यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित हों।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि नगरीय क्षेत्र की छोटी-बड़ी क्षतिग्रस्त सड़कों को तत्काल चिन्हित कर उनकी मरम्मत की कार्यवाही प्रारंभ की जाए, जिससे आमजन को यातायात में किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही, मेहदीघाट से नेशनल हाईवे तक जाने वाले मार्ग को भी प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त किए जाने के निर्देश दिए गए।

श्री अग्निहोत्री ने एनएचएआई को निर्देश दिए कि ड्यूटी पर तैनात प्रशासनिक अधिकारियों की गाड़ियों के नंबरों की सूची उपलब्ध कराई जा चुकी है, अतः इन वाहनों को अनावश्यक रूप से न रोका जाए, ताकि अधिकारी अपने निर्धारित ड्यूटी स्थल पर समय से पहुंचकर निरीक्षण कार्य संपादित कर सकें।

जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासनिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सामाजिक दायित्व भी है।  सभी विभाग परस्पर समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि जनपद में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम हो और यातायात व्यवस्था पूरी तरह से सुचारू बनी रहे।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रामकृपाल चौधरी, अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०) आशीष कुमार सिंह, संभागीय परिवहन अधिकारी, अधिशासी अभियंता (लोक निर्माण विभाग), एनएचएआई तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।