स्मार्ट वर्क करें और जनपद की रैंक सुधारें
बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। जिला निर्वाचन अधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के पुनरीक्षण तथा आई.जी.आर.एस. प्रकरणों के प्रभावी निस्तारण के संबंध में बैठक सम्पन्न हुई।
बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि स्नातक एवं शिक्षक एम.एल.सी. निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूची तैयार किए जाने के कार्य पर विशेष फोकस किया जाए। उन्होंने सभी खंड विकास अधिकारियों एवं नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदाता सूची पुनरीक्षण से संबंधित सूचना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक योग्य स्नातक एवं शिक्षक वर्ग अपने नाम मतदाता सूची में दर्ज करा सकें।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य दिनांक 06 नवम्बर 2025 तक संचालित रहेगा। अब तक स्नातक मतदाता हेतु 122 आवेदन पत्र वितरित किए गए हैं, जिनमें से 21 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जबकि शिक्षक मतदाता हेतु 17 आवेदन पत्र वितरित किए गए हैं जिसमें अभी तक कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने हेतु पात्र व्यक्ति स्नातक के लिए प्रारूप-18 एवं शिक्षक के लिए प्रारूप-19 में ऑफलाइन आवेदन कर सकते हैं, अथवा मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश की वेबसाइट पर विकल्प के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है।
जिलाधिकारी ने आई.जी.आर.एस. प्रकरणों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिये कि जिन विभागों के प्रकरण ‘सी’ श्रेणी में पहुंच गए हैं, उनका गुणवत्तापूर्ण एवं शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने असंतोष व्यक्त करते हुए कहा कि इस माह जनपद की रैंक में गिरावट आई है, जो उचित नहीं है। लगभग 480 प्रकरणों में अधिकारियों द्वारा व्यक्तिगत संपर्क नहीं किया गया है, ऐसी स्थिति भविष्य में नहीं होनी चाहिए। अधिकारियों को स्वयं मौके पर जाकर शिकायतकर्ताओं से मिलना होगा और संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करना होगा। कहा कि “स्मार्ट वर्क करें और जनपद की रैंक सुधारें”, क्योंकि मा० मुख्यमंत्री जी स्वयं आई.जी.आर.एस. की समीक्षा कर रहे हैं, अतः किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि मेडिकल डिपार्टमेन्ट अब सक्षम है, कार्य प्रणाली को और सशक्त बनाया जाए। वायरल बुखार या किसी अन्य स्वास्थ्य समस्या की सूचना प्राप्त होते ही मेडिकल टीम तत्काल मौके पर पहुंचे, जांच करे और उपचार सुविधा उपलब्ध कराए। साथ ही उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देश दिए कि ग्राम पंचायतों में नियमित रूप से फॉगिंग कराई जाए और स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०) आशीष कुमार सिंह, ज्वॉइंट मजिस्ट्रेट/उप जिलाधिकारी सदर सुश्री वैशाली, प्रशिक्षु आईएएस अर्पित कुमार, प्रभागीय वनाधिकारी हेमंत सेठ, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. स्वदेश गुप्ता, अतिरिक्त मजिस्ट्रेट अविनाश कुमार गौतम सहित संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
