कन्नौज : एसडीएम ने नष्ट कराया भारी मात्रा में सिंथेटिक छेना

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज। गुरसहायगंज कस्बे में आर्टीफिशियल सिंथेटिक मैटीरियल से बड़ी मात्रा में छेना बनाने का कारोबार चल रहा था।

सारी मिठाई दीपावली पर खपाने की तैयारी थी। जिसके इस्तेमाल से स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ता। मामले की जानकारी होने पर एसडीएम छिबरामऊ ने खाद्य सुरक्षा टीम के साथ कारखाने पर छापेमारी की। यहां बने हुए छेने और रा-मैटीरियल जब्त कर सैम्पल भरा और फिर मिठाई नष्ट करवा दी।

मामला गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र के तिर्वा रोड स्थित राम कृष्ण नगर मोहल्ले का है। यहां रिशु प्रजापति का मिठाई का कारखाना है। जहां बड़ी तादात में आर्टिफिशियल मैटिरियल से छेना व अन्य मिठाई तैयार की जा रही थी। काफी तादात में छेना तैयार हो चुका था, जिसे दीपावली पर मार्केट में खपाने की तैयारी थी। ऐसे में किसी ने एसडीएम छिबरामऊ ज्ञानेंद्र द्विवेदी को मामले की सूचना दे दी।

मंगलवार दोपहर एसडीएम ज्ञानेंद्र द्विवेदी और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी सन्तोष कुमार टीम के साथ रिशु प्रजापति के कारखाने पर पहुंच गए। यहां उन्होंने छापामार कर बड़ी तादात में छेने जब्त कर लिए। कारखाने में छेना बनाने में इस्तेमाल किया जा रहा आर्टिफिशियल सिंथेटिक मैटिरियल भी बरामद किया। जिसका टीम ने सैम्पल भरा।

बाकी की मिठाई जब्त कर पास में ही जेसीबी मशीन से गड्डा खुदवाकर उसमें उड़ेल दी। ऊपर से मिट्टी डाल कर नष्ट कर दी गई। मामले को लेकर एसडीएम ज्ञानेंद्र द्विवेदी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। सैम्पल को टेस्टिंग के लिए भेजा जा रहा है। मौके से बड़ी मात्रा में रा-मैटीरियल भी बरामद हुआ।

इससे ऐसी मिठाई बनाई जा रही थी, जोकि मानव शरीर के लिए नुकसान दायक है। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी सन्तोष राठौर ने बताया कि कारखाने में मिल्क पाउडर, साइट्रिक एसिड, आरारोट और रिफाइन आदि का इस्तेमाल कर छेना बनाने का काम चल रहा था। जिसे बन्द करवा दिया गया। सैम्पल फेल होने पर कड़ी कार्यवाही की जाएगी।