बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज:(आवाज न्यूज ब्यूरो)। व्यापारियों की समस्या के समाधान, सुझाव एवं सुरक्षा के द्दष्टिगत पुलिस अधीक्षक द्वारा व्यापार मंडल/व्यापारिक संगठनों के साथ गोष्ठी की गई।
व्यापारियो एवं उद्यमियों की समस्याओं एवं उनकी सुरक्षा विषयक प्रकरणों के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से आज पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार द्वारा पुलिस कार्यालय सभागार में जनपद के विभिन्न व्यापार मंडल, व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारियों एवं व्यापारियों की गोष्ठी की गयी। गोष्ठी के दौरान समस्त व्यापार मंडल के पदाधिकारीगण एवं अन्य व्यापारी बंधु सम्मिलित हुए जिनकी समस्याओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई और उनकी सुरक्षा से संबंधित समस्त पहलुओं की समीक्षा कर निराकरण करने एवं सम्पूर्ण सुरक्षा का आश्वासन देते हुए अपराध एवं अपराधियों के विरूद्ध चलाये जा रहे विभिन्न अभियानों के बारे में जानकारी दी गयी। साथ ही सुरक्षा की दृष्टि से व्यापारियो को अपने-अपने प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरें लगाने के संबंध में अवगत कराया गया। यातायात के सुचारू रूप से संचालन एवं जाम की समस्या के निराकरण हेतु समस्त व्यापारियों से सड़क पर अतिक्रमण न करके अपने-अपने प्रतिष्ठान के अंदर ही व्यापार करने हेतु भी निर्देशित किया गया।

