कन्नौज : जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला उद्योग बंधु की बैठक सम्पन्न

 बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट स्थित गांधी सभागार में जिला उद्योग बंधु की बैठक सम्पन्न हुई।

बैठक में उपस्थित उद्यमियों ने सुझाव दिया कि विद्युत बिल हिन्दी भाषा में जारी किए जाएं, जिससे बिल की जानकारी समझने में सुविधा हो सके। उद्यमियों ने यह भी अवगत कराया कि विद्युत विभाग द्वारा बिल संशोधन, मीटर की त्रुटियों तथा विद्युत चोरी की रोकथाम में अपेक्षित सुधार नहीं दिख रहा है। साथ ही विभाग के संविदा कर्मियों द्वारा अवैध वसूली की शिकायतें भी प्राप्त हुई हैं।

 इन शिकायतों पर जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि विद्युत उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि विद्युत विभाग अपने कार्य आचरण में सुधार लाए और जिस क्षेत्र से शिकायतें प्राप्त हो रही हैं, वहाँ के संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय की जाए। जिलाधिकारी ने स्मार्ट मीटर परिवर्तन कार्य में गति लाने के भी निर्देश दिए।

श्री अग्निहोत्री ने कहा कि उद्यमियों की शिकायतों का प्राथमिकता के साथ निस्तारण किया जाए। उन्होंने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान की प्रगति में तेजी लाने पर बल दिया तथा निर्देश दिए कि इत्र पार्क में जलापूर्ति हेतु पानी की टंकी का संचालन तीन दिवस के भीतर प्रारम्भ किया जाए।

बैठक में अवर अभियंता विनियमित क्षेत्र की अनुपस्थिति पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराज़गी व्यक्त की और निर्देश दिए कि विनियमित क्षेत्र के जेई जनता के प्रति मित्रवत व्यवहार रखें। किसी भी प्रकार का शोषण पाए जाने पर दण्डात्मक कार्यवाही की जाएगी।

जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार दीपावली पर्व के दृष्टिगत कोई भी टाउन, गली या मोहल्ला अंधेरे में न रहे, इस हेतु स्ट्रीट लाइटों की स्थापना कार्य तीव्र गति से कराया जा रहा है।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०) आशीष कुमार सिंह, उपायुक्त उद्योग धनन्जय सिंह, पवन त्रिवेदी सहित संबंधित अधिकारीगण एवं उद्यमी बंधु उपस्थित रहे।